कांग्रेस को हरियाणा में मिली शानदार जीत को भी हर छोटा-बडा नेता अपनी जीत बताकर तेरा-मेरा का व्यवहार कर रहा है, जो भविष्य के लिए घातक है : विद्रोही
हरियाणा में भाजपा के 5996464 वोटों के मुकाबले में कांग्रेस-इंडिया गठबंधन को 6192627 वोट मिले जो भाजपा से 196114 वोट ज्यादा है : विद्रोही

7 जून 2024 – स्वयंसेवी संस्था ग्रामीण भारत के अध्यक्ष वेदप्रकाश विद्रोही ने हरियाणा के सभी कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे मिलकर विधानसभा चुनावों की तैयारी करके हरियाणा के आम जनमानस की भावना को मूर्तरूप देने प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनाने में अभीे से जुट जाये। विद्रोही ने कहा कि हरियाणा की जनता लोकसभा चुनावों में कांग्रेस-इंडिया गठबंधन को 47.61 प्रतिशत मत देकर अपनी मंशा जता दी। हरियाणा के मतदाताओं ने कांग्रेस के पांच सांसदों को जिताकर 5679473 वोट दिये, वहीं कांग्रेस के सहयोगी आप पार्टी को 513154 वोट कुरूक्षेत्र लोकसभा क्ष़ेत्र में दिये। इस तरह भाजपा के 5996464 वोटों के मुकाबले में कांग्रेस-इंडिया गठबंधन को 6192627 वोट मिले जो भाजपा से 196114 वोट ज्यादा है। कांग्रेस को 46 विधानसभा क्षेत्रों में मिली बढ़त और भाजपा से लगभग 2 लाख ज्यादा मिले मत हरियाणा के जनमानस की मंशा को दर्शाता है कि प्रदेश मेें आमजन के हित में कांग्रेस की सरकार बनना जरूरी है।
विद्रोही ने कहा कि कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं को आमजन हरियाणवी की भावना को समझकर उसी भावना अनुसार के अनुरूप एकजुट होकर काम करने की जरूरत है। कांग्रेस नेताओं को तेरा-मेरा की भावना को तिलांजली देकर हम को अपनाकर आगे की रणनीति तैयार करनी होगी। कांग्रेस को हरियाणा में मिली शानदार जीत को भी हर छोटा-बडा नेता अपनी जीत बताकर तेरा-मेरा का व्यवहार कर रहा है, जो भविष्य के लिए घातक है। जिस तरह लोकसभा चुनावों में पूरे देश के कार्यकर्ताओं, नेताओं ने मल्लिकार्जुन खरगे व राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस-इंडिया गठबंधन को मजबूत विपक्ष के रूप में खडा किया है। उसी तर्ज पर हरियाणा के सभी नेताओं को तेरा-मेरा की सोच त्यागकर हम की सोच अपनाकर हरियाणा विधानसभा चुनावों में कांग्रेस जीत सुनिश्चित करने अभी से एकजुटता से जुट जाना चाहिए।