भारत सारथी/ऋषि प्रकाश कौशिक

गुरुग्राम। भाजपा ने 8 नवंबर को बड़े उत्साह से सदस्यता अभियान की शुरूआत की थी और लक्ष्य था 50 लाख सदस्य बनाने का। सदस्यता अभियान का समय 30 नवंबर तक था लेकिन वह अपने लक्ष्य के आधे तक भी नहीं पहुंच पाई, जबकि कुछ सूत्रों से जानकारी प्राप्त हुई है कि विधानसभा चुनाव से पूर्व भाजपा की सदस्य संख्या 33 लाख के आसपास थी और अब वह उस पर भी नहीं पहुंच पाए।
भाजपा वक्तव्यों पर अधिक विश्वास करती है। उसी कड़ी के अंतर्गत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पं. मोहनलाल बड़ोली ने 22 नवंबर को घोषणा की कि 23 और 24 नवंबर को भाजपा 20 लाख नए सदस्य और बना लेगी और अब तक 12 लाख सदस्य बन चुके हैं।
प्रश्न यह भाजपा कार्यकर्ताओं में भी उछला कि 8 नवंबर से 22 नवंबर तक तो 12 लाख सदस्य बने। जो भाजपा को चाहने वाले थे, वे तो इस समय में ही बन गए फिर 20 लाख नए सदस्य दो दिन में कैसे बनेंगे? परिणाम आशा के अनुरूप ही रहा। लक्ष्य कहीं नजर ही नहीं आया। 30 नवंबर को प्रदेश अध्यक्ष ने सदस्यता अभियान का समय 5 दिन और बढ़ा दिया और 5 से दो दिन तो आज जा चुके हैं, 3 दिन बचे हैं। देखना यह है कि 3 दिन में कहां पहुंचेंगे? लेकिन मजेदारी यह है कि न 30 तारीख को और न अब तक भाजपा ने यह नहीं घोषित किया कि हमारे इतने सदस्य बन गए हैं।

आज गुरुग्राम के जिला अध्यक्ष कमल यादव की ओर से प्रेस विज्ञप्ति आई कि भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के आह्वान पर उन्होंने अपनी पूरी टीम के साथ द साबरमती रिपोर्ट फिल्म देखी और आज ही उसमें यह लिखा कि वह एकता कपूर को फिल्म बनाने के लिए धन्यवाद देते हैं कि उन्होंने कांग्रेस की सच्चाई सामने लाई।
उनका कहना था कि गोधरा कांड कांग्रेस की सोची-समझी साजिश थी। जब भाजपा अपने सदस्यता अभियान पर पहुंच नहीं पा रही, इस समय सदस्य बनाने के बजाय जिले की सारी टीम द सारबमती रिपोर्ट फिल्म देख रहे थे और उस पर ब्यान दे रहे थे।
इसी बात को जानने के लिए मैंने भाजपा जिला अध्यक्ष कमल यादव को फोन किया तो उन्होंने बताया कि शीर्ष नेतृत्व का आह्वान हमारे लिए आदेश से कम नहीं। इस पर मैंने पूछा कि आपकी सदस्य संख्या कहां तक पहुंची? तो उनका उत्तर था कि आपको बताया तो था कि डेढ़ लाख सदस्य बन गए हैं। उनसे कहा कि लक्ष्य तो आपका साढ़े 4 लाख था, इस पर वह कुछ बोले नहीं। इस पर सदस्यता के बारे में पूछना छोड़ उनसे पूछा कि आपने कहा कि यह गोधरा कांड कांग्रेस की साजिश थी तो अभी तक साजिशकर्ताओं को सजा क्यों नहीं मिली? तो उत्तर मिला कि जांच चल रही है। प्रत्युत्तर में पूछा कि पिछले दस वर्षों से अधिक समय से आपकी सरकार है, जांच का परिणाम क्यों नहीं आया? तो उनका कहना था कि मैंने जो कहना था वह लिखकर भेज दिया है।
10 दिसंबर के बाद हो सकते हैं भाजपा में बदलाव :
वर्तमान में कांग्रेस हाईकमान तो हरियाणा कांग्रेस को सुधारने में लग चुका है, जबकि भाजपा के बारे में कुछ सूत्रों द्वारा बताया कि 5 तारीख को महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री शपथ ले लें, उसके पश्चात 9 तारीख को प्रधानमंत्री के आगमन के पश्चात भाजपा हाईकमान हरियाणा भाजपा पर नजर डालेगा। वैसे भी यह तो कहा जा रहा है कि सदस्यता अभियान के बाद कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियां दी जाएंगी।
इन बातों से यह अनुमान लगाया जा सकता है कि 10 दिसंबर के बाद भाजपा में भी कुछ परिवर्तन देखने को मिल सकता है। अनुमान है, देखना होगा कि यह कितना सत्य होगा।