विकास के नाम पर भाजपा प्रदेश को गुमराह कर रही है: उदयभान
-कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष उदयभान ने चकरपुर में चुनावी सभा में ही यह बात
-नगर निगम गुरुग्राम के वार्ड-23 में किया चुनाव प्रचार
-कांग्रेस की गुरुग्राम से मेयर प्रत्याशी सीमा पाहुजा भी रहीं मौजूद
गुरुग्राम। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष उदयभान ने कहा कि भाजपा गुरुग्राम, मानेसर के विकास के लिए संकल्प पत्र जारी कर रही है। बड़े-बड़े वादे कर रही है। जनता से ट्रिपल इंजन की सरकार बनाकर विकास करने की बात कह रही है। वे भाजपा से पूछना चाहते हैं कि 10 साल तक उनकी ट्रिपल इंजन की सरकार काम कर रही थी। उस समय क्या विकास किए। भाजपा को विकास शब्द अपने शब्दकोष से हटा देना चाहिए। क्योंकि इससे भाजपा का कोई लेना-देना नहीं है। यह बात उन्होंने यहां वार्ड-23 चकरपुर में कांग्रेस के पार्षद प्रत्याशी जिले सिंह नंबरदार के समर्थन में चुनावी सभा में बोल रहे थे। इस दौरान कांग्रेस की मेयर प्रत्याशी सीमा पाहुजा ने अपने लिए और सभी पार्षदों को विजयी बनाने के लिए वोटों की अपील की। इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुखबीर कटारिया, मोहित मदन लाल ग्रोवर, वरिष्ठ नेता पंकज डावर समेत चकरपुर की सरदारी व आमजन मौजूद रहे।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने 10 साल में गुरुग्राम समेत पूरे हरियाणा का बुरा हाल किया है। अपने संकल्प पत्र पर भाजपा को ध्यान देना चाहिए। जब बजट आता है तो भाजपा गौवंश के लिए बड़ी-बड़ी बातें करती हैं। गौवंश को सडक़ों से हटाकर गौशालाओं में पहुंचाने की बात करती है। स्थिति उसके उलट रहती है। आज चाहे शहर की सडक़ें हों या एक्सप्रेस-वे हों, सब जगह बेसहारा गौवंश की भरमार है। ये दुर्घटना का भी कारण बनते हैं। सरकार कागजों में तो सब काम कर रही है, लेकिन धरातल पर काम नहीं दिख रहे। अगर कुछ किया होता तो हर शहर से गौवंश सडक़ों पर गंदगी खाने की बजाय गौशालाओं हरा-चारा खाते मिलते। प्रदेश अध्यक्ष उदयभान ने कहा कि भाजपा गाय के नाम पर भी राजनीति करती है। गाय के हम माता मानते हैं, लेकिन भाजपा सरकार की उदासीनता से गाय सडक़ों पर गंदगी में मुंह मारती फिर रही है।
उदयभान ने कहा कि सडक़ों की स्थिति सुधारने की बात भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में कही है। वे पूछना चाहते हैं कि पिछले 10 साल से उनकी ट्रिपल इंजन की सरकार ने क्या किया है। गुडग़ांव का पटौदी रोड, गुडग़ांव का झज्जर रोड और गुडग़ांव के भीतर के रोड की हालत सबने देखी है। पैचवर्क करके भाजपा नगर निगम चुनाव में अपनी विफलता को ढंकना चाहती है। उस तस्वीर को भाजपा कैसे ढंकेगी जो गुडग़ांव की जनता के दिलों में है। वर्षों से लोग यहां पर गड्ढों में अपनी गाडिय़ां तुड़वा रहे हैं। जलभराव में गाडिय़ां डूबने से खराब हुई हैं। जनता ने जो समस्याएं, परेशानियां झेली हैं, उनका 2 मार्च को चुनाव के दिन मतदाता गिन-गिन कर बदला लेंगे। गुडग़ांव की जनता शहर के बेहतर भविष्य के लिए कांग्रेस को चुनने जा रही है। क्योंकि कांग्रेस से उम्मीद है। 12 मार्च को भाजपा नगर निगम में इतिहास बन जाएगी। कांग्रेस काम करने में विश्वास रखती है, भाजपा की तरह दिखावे में नहीं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष उदयभान ने गुडग़ांव की जनता से अपील की कि भाजपा की मेयर प्रत्याशी और भाजपा के पार्षद प्रत्याशियों की जमानत जब्त करवाकर विकास के लिए कांग्रेस की मेयर व पार्षद चुनें।