हरियाणा युवा संवाद के पहले दिन विद्यार्थियों ने मंत्रियों की तरह दिए सवालों के जवाब

विधान सभा उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने किया विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन

वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक

चंडीगढ़, 2 अप्रैल: हरियाणा विधान सभा का सदन बुधवार को युवा ऊर्जा से ओतप्रोत नजर आया। हरियाणा युवा संवाद के तहत जब युवा विद्यार्थी सत्तापक्ष की सीटों पर बैठे, तो मंत्रियों के अंदाज में सवालों के जवाब देते दिखे। वहीं, विपक्ष की भूमिका निभाते हुए अन्य विद्यार्थियों ने प्रश्नों की बौछार कर दी। इस अनूठे आयोजन में विधान सभा उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाया और मार्गदर्शन करते हुए प्रेरक विचार साझा किए।

कार्यक्रम का उद्देश्य और उद्घाटन

हरियाणा युवा संवाद का आयोजन राजधानी युवा संसद द्वारा किया गया। यह संवाद दो दिन तक चलेगा, जिसमें पहले दिन विधान सभा उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने युवाओं को संबोधित किया। वीरवार को विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण इस संवाद की अध्यक्षता करेंगे।

डॉ. मिड्ढा का मार्गदर्शन और प्रेरणा

विधान सभा उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने ‘हरियाणा युवा संवाद’ को एक दूरदर्शी और नवाचारी पहल बताते हुए राजधानी युवा संसद को इस आयोजन के लिए बधाई दी। नवरात्र के अवसर पर मां दुर्गा का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि विधान सभा का यह सदन कोई साधारण मंच नहीं है। यह विचार-विमर्श और नीतिगत प्रयोगों का केंद्र है, जहां राज्य के भविष्य का सपना बुना और साकार किया जाता है।

उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा,

“भारत की औसत आयु 29 वर्ष है, जो इस बात का संकेत है कि देश युवा है और जोश से भरपूर है। युवाओं को नौकरियों के पीछे भागने की बजाय रोजगार सृजन की दिशा में सोचना चाहिए।”
उन्होंने डिजिटलाइजेशन का समर्थन करते हुए कहा कि आज की दुनिया में की-बोर्ड में बदलाव की ताकत निहित है।

महिला सशक्तिकरण पर जोर

विधायक गीता भुक्कल ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि राजनीति सेवा का माध्यम है, लेकिन एक अच्छा नेता बनने से पहले एक अच्छा इंसान बनना जरूरी है। उन्होंने युवाओं को राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया और बेटियों की उपलब्धियों को समाज का गौरव बताया।

युवाओं के विचार और संवाद के विषय

राजधानी युवा संसद के सह-संस्थापक एडवोकेट जय सैनी और एडवोकेट ईशा कपूर ने बताया कि इस कार्यक्रम में 60 प्रतिभागियों का चयन किया गया है। प्रतिभागियों ने हरियाणा के विकास पर अपने रचनात्मक विचार प्रस्तुत किए। संवाद के लिए दो प्रमुख विषय चुने गए:

हरियाणा के विकास में डिजिटलाइजेशन की भूमिका

ई-गवर्नेंस और ई-साक्षरता को बढ़ावा देने की रणनीतियां।

ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा देने के नवाचारी उपाय।

डिजिटल अंतर को कम करने के लिए प्रयास और स्मार्ट शहरों की अवधारणा।

प्रगतिशील हरियाणा के लिए महिला सशक्तिकरण

लैंगिक समानता को विकास के स्तंभ के रूप में स्थापित करना।

शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और रोजगार में लैंगिक असमानताओं को दूर करने के उपाय।

आर्थिक सशक्तिकरण हेतु कौशल विकास और उद्यमिता को बढ़ावा देना।

महिलाओं के विरुद्ध हिंसा और भेदभाव के उन्मूलन पर चर्चा।

युवा संवाद का महत्व

इस आयोजन ने न केवल युवाओं के जोश और विचारों को मंच प्रदान किया बल्कि उनके नेतृत्व कौशल और समाज में बदलाव लाने के जज्बे को भी उजागर किया। विधान सभा में युवाओं की सक्रिय भागीदारी ने स्पष्ट कर दिया कि हरियाणा का भविष्य उज्ज्वल है।

Share via
Copy link