भूपेंद्र हुड्डा के नेतृत्व में उमड़ा जनसैलाब, केंद्र सरकार पर एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप

भारत सारथी

चंडीगढ़। नेशनल हेराल्ड मामले में राहुल गांधी और सोनिया गांधी के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई के विरोध में आज चंडीगढ़ स्थित ईडी कार्यालय के बाहर हरियाणा कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। हजारों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी सड़कों पर उतरे। इस प्रदर्शन का नेतृत्व हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने किया।

विरोध मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार पर राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया। सड़कों पर “लोकतंत्र बचाओ”, “ईडी की तानाशाही नहीं चलेगी”, जैसे नारों की गूंज सुनाई दी।

पर्ल चौधरी, पंकज डावर, नीरज यादव सहित कई नेता पहुंचे मैदान में

पटौदी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस की प्रत्याशी रह चुकीं पर्ल चौधरी अपने क्षेत्र के सैकड़ों समर्थकों के साथ इस प्रदर्शन में शामिल हुईं। उन्होंने कहा,
“सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक अधिकारों की लड़ाई को कुचलने की कोशिशें अब उजागर हो चुकी हैं। जनता इसका जवाब देगी।”

गुड़गांव से कांग्रेस नेता पंकज डावर, और मानेसर नगर निगम चुनाव में पार्टी प्रत्याशी रहे नीरज यादव ने भी प्रदर्शन में बढ़-चढ़कर भाग लिया। कांग्रेस के सह-प्रभारी जितेंद्र बघेल और पूर्व मंत्री राव दान सिंह भी कार्यकर्ताओं के साथ मार्च करते हुए ईडी कार्यालय तक पहुंचे।

पुलिस की सख्ती, कई कार्यकर्ता हिरासत में

जैसे ही कार्यकर्ताओं ने ईडी कार्यालय के बाहर धरना शुरू किया, चंडीगढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। उन्हें सेक्टर 3 पुलिस थाने ले जाया गया। प्रदर्शन स्थल पर पुलिस बल की भारी तैनाती रही और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में रखा गया।

कांग्रेस नेताओं ने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों का हनन बताते हुए कहा कि विपक्ष की आवाज़ को दबाने के प्रयास अब आम जनता की नजर में हैं और इसका जवाब आने वाले चुनावों में मिलेगा।

भूपेंद्र हुड्डा ने मीडिया से बात करते हुए कहा,
“देश में लोकतंत्र की रक्षा के लिए कांग्रेस हर मोर्चे पर संघर्ष करेगी। ये लड़ाई सिर्फ राहुल गांधी की नहीं, बल्कि हर उस नागरिक की है जो संविधान में विश्वास रखता है।”

विशेष

यह प्रदर्शन सिर्फ राजनीतिक नहीं, लोकतांत्रिक चेतना का प्रतीक बनकर उभरा है। हरियाणा कांग्रेस की सक्रियता से यह स्पष्ट है कि अब विपक्ष ईडी जैसी संस्थाओं के राजनीतिक उपयोग को बर्दाश्त करने को तैयार नहीं।

Share via
Copy link