सरकारी योजनाओं की उपलब्धता की ली जानकारी, अधिकारियों को दिए सुधार के निर्देश

गुरुग्राम, 20 अप्रैल: हरियाणा मानवाधिकार आयोग के चेयरपर्सन श्री ललित बत्रा ने रविवार को गुरुग्राम स्थित ‘ताऊ देवी लाल निराश्रित महिला वृद्धाश्रम’ का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वृद्धाश्रम में रह रही बुजुर्ग महिलाओं की रहन-सहन, स्वास्थ्य सेवाएं, खानपान, स्वच्छता एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का गहराई से जायज़ा लिया।
निरीक्षण के दौरान श्री बत्रा बुजुर्ग महिलाओं के लिए फल भी लेकर पहुंचे, जिससे उनके स्नेह और सम्मान की भावना स्पष्ट झलकी। उन्होंने महिलाओं से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा—
“हमारे समाज की वरिष्ठ नागरिकाएं अपने जीवन के इस पड़ाव में सम्मान, सुरक्षा और स्नेह की पूर्ण अधिकारी हैं। उन्हें हरसंभव सुविधाएं मिलनी चाहिए।”

निरीक्षण के दौरान वृद्धाश्रम का वातावरण उस समय और भी जीवंत हो गया जब एक बुजुर्ग महिला ने आत्मीयता से भरा गीत प्रस्तुत किया और दूसरी महिला ने भाव-भंगिमाओं के साथ नृत्य की सुंदर प्रस्तुति दी। यह दृश्य जहां एक ओर भावनात्मक था, वहीं दूसरी ओर आश्रम की सकारात्मक ऊर्जा और जीवंतता का प्रमाण भी था।
श्री बत्रा ने यह भी सुनिश्चित किया कि वृद्धाश्रम में रह रही महिलाओं को सरकार की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं जैसे वृद्धावस्था पेंशन, मेडिकल सहायता आदि का समुचित लाभ मिल रहा है या नहीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि—

जिन महिलाओं को योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है, उनकी सूची बनाकर तुरंत कार्रवाई की जाए।
पेंशन वितरण में किसी प्रकार की देरी या बाधा की जांच की जाए और पात्र लाभार्थियों को शीघ्र लाभ सुनिश्चित किया जाए।
चेयरपर्सन ने यह भी स्पष्ट किया कि हरियाणा मानवाधिकार आयोग राज्यभर में सामाजिक संस्थानों और कल्याणकारी आश्रय गृहों की नियमित निगरानी करता रहेगा ताकि किसी भी जरूरतमंद या वंचित व्यक्ति के अधिकारों का हनन न हो।
मुख्य बिंदु:
बुजुर्ग महिलाओं से संवाद कर जानी उनकी समस्याएं………..स्वास्थ्य, स्वच्छता और भोजन व्यवस्था का निरीक्षण
सरकारी योजनाओं की स्थिति पर जानकारी ली ………..संबंधित अधिकारियों को दिए तत्काल सुधार के निर्देश
आश्रम में महिलाओं की प्रस्तुति ने बढ़ाई जीवंतता