नासिक शहर के समग्र विकास के लिए मिली राष्ट्रीय पहचान
नई दिल्ली/चंडीगढ़, 21 अप्रैल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित सिविल सेवा दिवस समारोह में IAS अधिकारी जलज शर्मा को वर्ष 2023 का प्रधानमंत्री पुरस्कार देकर सम्मानित किया। यह सम्मान उन्हें नासिक शहर का धार्मिक और समग्र (होलिस्टिक) विकास करने के लिए प्रदान किया गया।
जलज शर्मा 2014 बैच के IAS अधिकारी हैं और वर्तमान में नासिक जिला कलेक्टर के पद पर कार्यरत हैं। वे मूल रूप से चंडीगढ़ निवासी हैं। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों को देश के विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने हेतु ईमानदारी, समर्पण और आधुनिक दृष्टिकोण से कार्य करने का आह्वान किया।
पुरस्कार प्राप्त करने के बाद जलज शर्मा ने कहा कि यह सम्मान उनकी सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और जनता की सेवा के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने नासिक शहर को एक धार्मिक, सांस्कृतिक और सुविधायुक्त नगरी बनाने के संकल्प को दोहराया और आगामी 2027 महाकुंभ के लिए विशेष प्रयासों का वादा किया।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पूर्व मुख्य सचिव संजीव कौशल ने उन्हें बधाई देते हुए इसे पूरे प्रशासनिक समुदाय के लिए प्रेरणास्पद उपलब्धि बताया।
जलज शर्मा के पिता राम भगत शर्मा हरियाणा सरकार से अतिरिक्त निदेशक पद से और माता रूपा रानी शर्मा आर्किटेक्ट पद से सेवानिवृत्त हैं। उन्होंने इसे परिवार के संस्कारों और जलज की मेहनत का फल बताया।