सोनीपत के बीजेपी कार्यालय में कार्यकर्ताओं से रूबरू होते हुए कही यह बात

चंडीगढ़, 26 अप्रैल। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि भाजपा के लिए सत्ता सेवा का माध्यम है। प्रदेश की नॉन स्टॉप सरकार में जनता सर्वोपरि है और हम जनता के सेवक हैं। जनता की सेवा हमारे लिए भगवान की सेवा जैसी है। प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने शनिवार को सोनीपत स्थित भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं और आमजन की समस्याओं को सुनने के दौरान ये बात कही। इस मौके पर उन्होंने सभी का कुशलक्षेम पूछा। उनकी समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हमारे लिए राजनीति सत्ता सुख का नहीं, बल्कि जनता की सेवा का माध्यम है। भाजपा जो कहती है, उसे डंके की चोट पर करती है। पिछले 10 वर्षों में भाजपा ने जनता से जो वादे किए उन्हें पूरा किया। श्री बड़ौली ने कहा कि विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जो वादे किए हैं, उन्हें इन 5 वर्षों में संकल्प के साथ पूरा किया जाएगा।

पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि 2014 से पहले हरियाणा में पर्ची और खर्ची से युवाओं को नौकरियां मिलती थी। 2014 में भाजपा की सरकार बनने पर सिस्टम को पारदर्शी बनाया गया। अब युवाओं को बिना पर्ची और बिना खर्ची के नौकरियां देने का काम भाजपा सरकार कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हर रोज जनहित में निर्णय लेकर प्रदेश के उत्थान के लिए कार्य कर रहे हैं।

मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि नायब सरकार युवाओं, किसानों, महिलाओं और गरीबों के उत्थान के लिए योजनाएं बनाकर धरातल पर लागू कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि केंद्र की मोदी और राज्य की नायब सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएं और पात्र लोगों को सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करें।

यूपीएससी में 75वां रैंक हासिल करने वाली कल्पना को दी प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने दी बधाई

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने सोनीपत के गांव जाजल की होनहार बेटी कल्पना रावत को यूपीएससी की परीक्षा में 75वां रैंक हासिल करने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी। बड़ौली शनिवार को जाजल गांव में कल्पना रावत के घर पहुंचे। घर पहुंचने पर कल्पना रावत के परिवार एवं ग्रामीणों ने मोहन लाल बड़ौली का भव्य स्वागत किया।

बता दें कि कल्पना रावत यूपीएसी में पिछली बार भी सफलता के काफी करीब पहुंच गई थी, लेकिन वह साक्षात्कार में रह गई। कल्पना ने दृढ़ निश्चय कर फिर से तैयारी शुरू की और परिणाम स्वरूप इस बार कल्पना ने शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए 76वां रैंक हासिल किया। कल्पना के पति आईएएस अफसर हैं और वर्तमान में बिहार के रोहतास जिले में एसडीएम के पद पर नियुक्त हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कल्पना रावत ने शानदार उपलब्धि प्राप्त करके हरियाणा के साथ-साथ सोनीपत का नाम रोशन किया है। कल्पना रावत ने कड़ी मेहनत से जो उपलब्धि हासिल की है वह युवाओं के लिए प्रेरित करने वाली है।

Share via
Copy link