चंडीगढ़, 29 अप्रैल- हरियाणा के सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा है कि भगवान परशुराम विष्णु के छठवें अवतार हैं। परशुराम किसी वर्ग-विशेष के नहीं अपितु पूरे समाज के आराध्य हैं। अन्याय और अत्याचार के खिलाफ संघर्ष कर सर्वसमाज के हित में कार्य किया। उन्होंने सभी लोगों से भगवान परशुराम के जीवन को आत्मसात करने की बात कही।
मंत्री डॉ अरविंद शर्मा भगवान परशुराम धर्मशाला समिति चीका (कैथल) द्वारा भगवान परशुराम जन्मोत्सव कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे। उन्होंने भगवान परशुराम जी के जन्मोत्सव की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान परशुराम तपोनिष्ठ, त्यागमूर्ति और पितृभक्त थे, जिन्होंने केवल समाज हित और धर्म की रक्षा के लिए शस्त्र उठाए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत दुनिया को योग, आयुर्वेद और शांति का मार्ग दिखा रहा है। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज ने हमेशा समाज को जोड़ने का काम किया है। ब्राह्मण समाज 36 बिरादरी को साथ लेकर चलने वाला समाज है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा कैथल के सांपन खेड़ी में करोड़ों रुपये की लागत से भगवान परशुराम के नाम से मेडिकल कॉलेज का निर्माण किया जा रहा है।
उन्होंने समिति को 21 लाख रुपये देने की घोषणा भी की। उन्होंने पहलगाम के शहीदों और वीरगति हुए लोगों को नमन कर श्रद्धांजलि दी।
इस मौके पर पूंडरी से विधायक सतपाल जांबा, ब्राह्मण धर्मशाला चीका के प्रधान जयभगवान शर्मा व अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।