फरीदाबाद की बेटी ने बहादुरगढ़ में जीता गोल्ड, अब तमिलनाडु में दिखाएंगी दमखम
चंडीगढ़/फरीदाबाद। किक बॉक्सिंग में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चार स्वर्ण पदक जीत चुकी फरीदाबाद की होनहार खिलाड़ी रिद्धिमा कौशिक ने अब वूशु गेम्स में भी अपना परचम लहराते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया है। हरियाणा के झज्जर जिले के बहादुरगढ़ में आयोजित सब-जूनियर वूशु चैंपियनशिप में अंडर-14 (56 किलोग्राम वर्ग) में शानदार प्रदर्शन करते हुए रिद्धिमा ने प्रदेश भर से आए 700 खिलाड़ियों के बीच खुद को श्रेष्ठ साबित किया।
इस जीत के साथ ही रिद्धिमा का चयन तमिलनाडु में 26 से 31 मई तक आयोजित होने वाली स्टेट वूशु चैंपियनशिप के लिए हो गया है। यह उपलब्धि हासिल करने वाली फरीदाबाद जिले की वह इकलौती खिलाड़ी हैं।
कोचों ने सराहा, परिवार ने जताया गर्व
रिद्धिमा की इस उपलब्धि पर कोच संतोष कुमार थापा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा, “रिद्धिमा ने बेहद कम उम्र में अनुशासन, मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। यह केवल शुरुआत है, आने वाले समय में वह अंतरराष्ट्रीय वूशु मंच पर भारत का नाम रोशन करेगी।”
कोच संतोष कुमार अग्रवाल ने बताया कि रिद्धिमा ने वर्ष 2022 में फिटनेस के लिए किक बॉक्सिंग की शुरुआत की थी, लेकिन जल्द ही उसकी प्रतिभा सामने आई और अब वह वूशु में भी उत्कृष्टता की ओर अग्रसर है। उन्होंने बताया कि वूशु अब एक अंतरराष्ट्रीय खेल बन चुका है, जो हर दो वर्ष में विश्व वूशु चैंपियनशिप का आयोजन करता है और यह एशियाई खेलों सहित कई प्रमुख बहु-खेल आयोजनों का हिस्सा है।
माता-पिता ने जताया उत्साह
बेटी की इस शानदार उपलब्धि पर गर्व जताते हुए पिता सुरेंद्र कौशिक और माता रितु कौशिक ने कहा, “रिद्धिमा लगातार अपने प्रदर्शन से न केवल हमारे परिवार, बल्कि पूरे प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रही है। पहले थाईलैंड में चार गोल्ड और अब वूशु में गोल्ड जीतकर उसने यह सिद्ध कर दिया है कि बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। अब उसका अगला लक्ष्य स्टेट चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतना और अंतरराष्ट्रीय वूशु खिलाड़ी बनना है।”
रिद्धिमा कौशिक जैसे युवा खिलाड़ियों की सफलता यह संदेश देती है कि समर्पण, परिश्रम और सही मार्गदर्शन से कोई भी सपना हकीकत बन सकता है। उनकी यह जीत ना केवल फरीदाबाद, बल्कि पूरे हरियाणा के लिए गर्व का विषय है।