फतेहाबाद जिला के किसानों की मुआवजा राशि में करोड़ों रूपए का घोटाला, खराब हुई फसलों के मुआवजे के लिए किसान भटकते रहे और अधिकारी उनकी करोड़ों रूपए की राशि हड़प कर गए

अधिकारियों ने नाम बदलकर फर्जी खातों में डाला मुआवजा, जबकि असली किसानों को उनके हक का पैसा नहीं मिला

घोटालों की जांच सिर्फ दिखावे के लिए की जाती है, दो तीन साल बीतने के बाद घोटाले करने वाले अफसरों को कलीन चीट देकर उन्हें पहले से भी अधिक मलाईदार पोस्ट पर बैठा दिया जाता है

file photo

चंडीगढ़, 2 जून। इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. अभय सिंह चौटाला ने कहा कि बीजेपी सरकार किसानों की सबसे बड़ी दुश्मन बनी हुई है। किसान बड़ी मेहनत करके और पैसा खर्च करके खेतों में फसल की बुआई करता है। लेकिन कुदरत के कहर आंधी, बरसात और ओलावृष्टि से सारी फसल बर्बाद हो जाती है। ऐसे में किसानों का सहारा बनने की बजाय बीजेपी सरकार के अधिकारी किसानों की मुआवजा राशि में घोटाले करने में व्यस्त हो जाते हैं। बीजेपी सरकार की अनदेखी से किसान बुरी तरह से बेहाल और परेशान हैं।

बीजेपी सरकार के दस साल के राज में घोटालों की भरमार रही है। सभी विभागों में भ्रष्टाचार रूपी बीमारी की जड़े बहुत गहरी हो चुकी हैं और यह भ्रष्टाचार बिना सरकार के संरक्षण के संभव ही नहीं है। फतेहाबाद जिला के किसानों की मुआवजा राशि में करोड़ों रूपए का घोटाला सामने आया है। बारिश और आपदा में तबाह हुई फसलों के मुआवजे के लिए किसान दर-दर भटकते रहे और अधिकारी उनकी करोड़ों रूपए की राशि हड़प कर गए। अधिकारियों ने नाम बदलकर, फर्जी खातों में मुआवजा डाल दिया, जबकि असली किसानों को उनके हक का पैसा नहीं मिला। करोड़ों रुपये के इस घोटाले में नायब तहसीलदार, तहसीलदार, पटवारी समेत कई अधिकारी दोषी पाए गए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे साफ है कि सरकार की नजर किसानों के दर्द पर नहीं, बल्कि भ्रष्ट अधिकारियों को बचाने पर है। घोटालों की जांच सिर्फ दिखावे के लिए की जाती है और दो तीन साल बीतने के बाद घोटाले करने वाले अफसरों को कलीन चीट देकर उन्हें पहले से भी अधिक मलाईदार पोस्ट पर बैठा दिया जाता है।

Share via
Copy link