
चंडीगढ़, 2 जून। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा मोदी सरकार के 11 साल सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण को समर्पित रहे हैं। 11 सालों में देश ने विकास की नई उंचाईयों को छूआ है। भाजपा ने मोदी सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने की रूपरेखा तैयार कर ली है। श्री बड़ौली ने कहा कि भाजपा अभियान चलाकर जन सेवा के कार्यों के साथ-साथ लोगों को मोदी सरकार के ऐतिहासिक निर्णयों से भी अवगत कराएगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने सोमवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए ये बातें कही। उन्होंने कांग्रेस को भी आड़े हाथों लिया और राहुल गांधी की सभी यात्राओं को फेल बताया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि चार और पांच जून को हरियाणा की पांच-पांच लोकसभाओं में प्रशिक्षण के कार्यक्रम होंगे। ‘‘मोदी सरकार के 11 साल संकल्प से सिद्धि तक’’ के कार्यक्रमों को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 8 जून को प्रेसवार्ता करेंगे और बदले हुए भारत के बारे में बताएंगे। उन्होंने कहा कि पूरे माह समाज सेवा के कार्यक्रम होंगे जिसके तहत लोगों को सरकार की योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।
कांग्रेस को घेरते हुए मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि कांग्रेस ने संविधान का गला घोटने का काम किया। आपातकाल लगाकर कांग्रेस ने लोगों के अधिकारों को छीना। उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा लगाए गए आपातकाल के विरोध में अभियान की शुरुआत की जाएगी। डिजिटल, सेमिनार, मीडिया संवाद के जरिए आपातकाल के अनुभवों को लोगों के साथ साझा किया जाएगा।
एक सवाल पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस का संगठन कैसा है सभी को मालूम है। कांग्रेस परिवारवादी पार्टी है, कांग्रेस के लिए देश नहीं, बल्कि परिवार पहले है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समय आतंकवाद चरम पर था और कांग्रेस की सरकार मूक दर्शक बनी रहती थी। श्री बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत मजबूत और सशक्त हुआ है। अब भारत आतंकियों को गोली का जवाब गोले से देता है।