– बंदियों को विधिक अधिकारों के प्रति किया गया जागरूक
गुरुग्राम, 4 जून। हरियाणा राज्य विधिक सेवाएं प्राधिकरण (एचएएलएसए) के निर्देशानुसार एवं जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण (डीएलएसए), गुरुग्राम के तत्वावधान में जिला जेल भोंडसी में “जस्टिस विदिन द वॉल्स – बंदियों को विधिक अधिकारों से सशक्त बनाना” अभियान के अंतर्गत एक विशेष विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष चंद्र शेखर तथा मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी-सह-सचिव रजत वर्मा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में पैनल अधिवक्ताओं – अभिमन्यु, हेमन गुप्ता एवं अनुप कटारिया ने बंदियों को विभिन्न कानूनी पहलुओं की जानकारी दी।
इस अवसर पर बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता सेवाएं प्राप्त करने की प्रक्रिया, संविधान में प्राप्त अधिकार, जमानत, परोल, फरलो एवं रिहाई से संबंधित कानूनी प्रावधान, जेल में चिकित्सा सुविधाएं, मानसिक स्वास्थ्य एवं स्वच्छता का महत्व, झूठे मामलों में फंसने से बचाव तथा सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में कुल 87 बंदियों ने भाग लिया, जिनमें से 57 बंदियों को जमानत याचिका, पुलिस जांच, मोबाइल लोकेशन, साक्ष्य प्रस्तुति आदि मामलों में निःशुल्क विधिक परामर्श प्रदान किया गया।
यह कार्यक्रम उप-जेल अधीक्षक की उपस्थिति में संपन्न हुआ। यह आयोजन जेल प्रशासन और विधिक सेवाएं प्राधिकरण के बीच बेहतर समन्वय एवं न्याय तक पहुँच को सुनिश्चित करने की दिशा में एक सराहनीय पहल के रूप में देखा जा रहा है।