मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व गुरू बनने की ओर अग्रसर : बड़ौली
मोदी सरकार आम जन के सपनों को साकार कर रही है : रेखा शर्मा
‘‘ मोदी सरकार के 11 साल-संकल्प से सिद्धि तक’’ कार्यक्रम के तहत अंबाला में हुई भाजपा की लोकसभा स्तरीय कार्यशाला में भाजपा नेताओं ने गिनाई मोदी सरकार की उपलब्धियां

चंडीगढ़, 5 जून। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा भारत को विश्व गुरू बनाने और दुनिया को रास्ता दिखाने वाला देश बनाने की है। उन्होंने कहा कि आज भारत की लीडरशिप की चर्चा दुनियाभर में हो रही है। श्री बड़ौली बुधवार को अंबाला में ‘‘मोदी सरकार के 11 साल संकल्प से सिद्धि तक’’ कार्यक्रम के तहत हुई लोकसभा स्तरीय कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। श्री बड़ौली ने मोदी सरकार की 11 साल की उपलब्धियां भी गिनवाई और कांग्रेस पर भी तंज कसे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोगों को भी विश्वास हो गया है कि अब तो लगातार भाजपा की ही सरकार बनने वाली है। कार्यशाला में राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने मोदी सरकार को आम जन के सपनों को साकार करने वाली सरकार बताया। कार्यशाला को पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, पूर्व मंत्री असीम गोयल, पूर्व मंत्री कंवरपाल गुर्जर, प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया ने भी संबोधित किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि मोदी सरकार ने 11 वर्षों में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की है। 11 साल में लिए गए संकल्पों को साकार किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व में ताकतवर देश के रूप में स्थापित हुआ है। अब भारत आंख मिलाकर बात करता है। श्री बड़ौली ने कहा कि मोदी सरकार ने हर क्षेत्र में विकास किया है। वहीं हरियाणा की नायब सरकार भी मोदी सरकार के दिखाए मार्ग पर चलते हुए हर वर्ग का बिना भेदभाव किए कल्याण कर रही है।

भारतीय सेना द्वारा चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर पर बोलते हुए श्री बड़ौली ने कहा कि ‘‘ऑपरेशन सिंदूर’’ कोई युद्ध नहीं था, यह तो सिर्फ पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर आतंकियों को सबक सिखाने का सैन्य अभियान था। भारत का उद्देश्य आतंकियों और उनके ठिकानों को मिट्टी में मिलाना था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिशा निर्देशों पर भारतीय सेना ने दुश्मनों को कड़ा सबक सिखाया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व का परिणाम है कि आज दुनिया के देश आतंकवाद के खिलाफ भारत के साथ खड़े हैं। पीएम मोदी के कुशल नेतृत्व का परिणाम है कि भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी इकोनॉमी वाला देश बना है। उन्होंने कहा कि 11 वर्षों में विकास की गति बढ़ी है। भाजपा की सुशासन व्यवस्था से देश और प्रदेश के हर नागरिक खुश हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से आग्रह करते हुए कहा कि आप लोग धरातल पर मोदी सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि लोगों को 2014 से पहले की कांग्रेस सरकार और 2014 के बाद की मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार द्वारा कराए गए कार्यों से जनता को अवगत कराएं। श्री बड़ौली ने कहा कि 23 जून को डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस को हर बूथ पर मनाना है। वहीं उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम को हर बूथ पर सुनना है।
श्री बड़ौली ने कहा कि 8 जून को मोदी सरकार के 11 साल की उपलब्धियों को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी प्रेसवार्ता करेंगे। इसके बाद 10 और 11 जून को जिला स्तर पर भी प्रेसवार्ताएं होंगी। उन्होंने कहा कि हमें जनता के बीच मोदी सरकार की हरेक उपलब्धियां बतानी हैं। लोगों को बताना है कि भाजपा सरकार में ही भव्य राम मंदिर का निर्माण संभव हुआ और धारा 370 का खात्मा हुआ। उन्होंने पर्यावरण दिवस पर बोलते हुए कहा कि हरियाणा में 20 हजार 629 बूथ हैं और हमें हरेक बूथ पर 20 पेड़ लगाने हैं। श्री बड़ौली ने कार्यशाला में आए सभी कार्यकर्ताओं को पौधे भी वितरित किए। श्री बड़ौली ने सभी लोगों को एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण करने की अपील की।
मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की चौथी आर्थिक ताकत बना : रेखा शर्मा

राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने भी कार्यशाला को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में सभी लोगों के सपने साकार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकास के मामले में अब कोई क्षेत्र अछूता नहीं बचा। हर क्षेत्र में बिना भेदभाव के विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
रेखा शर्मा ने कहा कि भारत के नेतृत्व का डंका दुनिया में बज रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकारों में दूसरे देशों में भारतीय नेताओं को ज्यादा तव्वजो नहीं दी जाती थी, लेकिन आज सबसे पहले भारतीय नेताओं से मिला जाता है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व का कमाल है कि भारत दुनिया की चौथी आर्थिक ताकत बना है। अब सभी देश भारत के साथ मिलकर काम करने के इच्छुक हैं।
मोदी के नेतृत्व में भारत सांस्कृतिक राष्ट्र के रूप में उभरा : असीम गोयल
पूर्व मंत्री असीम गोयल ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत एक आत्मविश्वासी सांस्कृतिक राष्ट्र के रूप में उभरा है। राम मंदिर, धारा 370, योग दिवस और वैश्विक मंचों पर सनातन को पहचान मिली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी योग को वैश्विक पटल पर लेकर आए हैं। आज विश्व उत्साह पूर्वक योग दिवस मनाता है। उन्होंने मोदी सरकार के 11 वर्षों की उपलब्धियों की चर्चा की और कार्यकर्ताओं से हर बूथ पर मोदी सरकार के कार्यों को बताने का आग्रह भी किया।
पर्यावरण हमारी साझा धरोहर, इसे संजोकर रखना सबकी जिम्मेदारी : कंवरपाल गुर्जर
पूर्व मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने कहा कि पर्यावरण दिवस पर हमें हर बूथ पर पौधे लगाने का संकल्प लेना है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण हमारी साझा धरोहर है और इसे संजोकर रखना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को हरा-भरा और बेहतर बनाने के लिए हमें जमीनी स्तर पर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने भारत को विकसित भारत बनाने का संकल्प लिया है। पर्यावरण के संरक्षण के बिना विकसित भारत का संकल्प अधूरा होगा, इसलिए सभी कार्यकर्ता पौधारोपण अभियान में भाग लेकर अधिक से अधिक पौधे लगाने का काम करें।
इस मौके पर कार्यक्रम की संयोजक बंतो कटारिया, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता, विधायक घनश्याम अरोड़ा, विधायक शक्ति रानी शर्मा, मेयर कुलभूषण गोयल, मेयर अंबाला शैलजा सचदेवा, मेयर यमुनानगर सुमन बहमनी, जिलाध्यक्ष अजय मित्तल, जिला अध्यक्ष यमुनानगर राजेश सपना, अंबाला जिला अध्यक्ष मनदीप राणा, पूर्व विधायक पवन सैनी, पूर्व विधायक बलवंत साढौरा भी कार्यशाला में उपस्थित रहे।