गुरुग्राम, 6 जून। नगर निगम गुरुग्राम ने अपने विभिन्न विभागों में कार्यरत 17 एक्सपर्ट की सेवाएं समाप्त कर दी हैं। इस निर्णय से निगम पर हर वर्ष पड़ने वाला लगभग 1.2 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय बोझ कम हो गया है। निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने इन एक्सपर्ट की सेवाएं खत्म करने का निर्णय लेते हुए इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं।

इन एक्सपर्ट्स को नगर निगम की विभिन्न शाखाओं में अस्थायी आधार पर नियुक्त किया गया था, लेकिन अब निगमायुक्त ने इनके सेवा विस्तार को मंजूरी नहीं दी। निगम सूत्रों के अनुसार, यह कदम बजट नियंत्रण और संसाधनों के प्रभावी प्रबंधन के तहत उठाया गया है।

प्रदीप दहिया ने कहा कि नगर निगम को अधिक कार्यकुशल और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए यह निर्णय जरूरी था। भविष्य में आवश्यकता के अनुसार विशेषज्ञों की नियुक्ति पर पुनर्विचार किया जा सकता है।

इस निर्णय को निगम प्रशासन द्वारा लागत में कटौती और पारदर्शिता की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

Share via
Copy link