गुरुग्राम, 7 जून। गुरुग्राम नगर निगम के सभी 36 वार्डों में पार्षदों को अब अपने-अपने कार्यालयों के साथ स्टाफ की सुविधा मिलेगी। इस महत्वपूर्ण फैसले के लिए मेयर राजरानी मल्होत्रा सहित सभी पार्षदों ने हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त किया है।

पार्षदों द्वारा यह मांग की जा रही थी कि प्रत्येक वार्ड में अलग कार्यालय और आवश्यक स्टाफ उपलब्ध कराया जाए, जिससे स्थानीय लोगों की समस्याओं का समाधान और अधिक सुचारू रूप से हो सके। यह मुद्दा मेयर राजरानी मल्होत्रा और निगमायुक्त प्रदीप दहिया के साथ हुई विभिन्न बैठकों में भी उठाया गया था।

नगर निगम गुरुग्राम द्वारा अब आदेश जारी करते हुए प्रत्येक वार्ड में 4 कर्मचारियों का स्टाफ उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। इनमें दो सुपरवाइजर, एक क्लर्क और एक मल्टी टास्क वर्कर शामिल होंगे। इससे पार्षदों को अपने क्षेत्र में बेहतर तरीके से कार्य करने में सहायता मिलेगी और नागरिकों को भी सुविधाओं का लाभ शीघ्र मिलेगा।

मेयर राजरानी मल्होत्रा ने कहा कि यह निर्णय पारदर्शी और उत्तरदायी प्रशासन की दिशा में एक अहम कदम है। नगर निगम के इस फैसले का शहरवासियों और पार्षदों ने स्वागत किया है तथा मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का आभार जताया है।

Share via
Copy link