-मानेसर नगर निगम से मेयर प्रत्याशी रहे सरपंच सुंदर लाल यादव के नेतृत्व में मिले

गुरुग्राम। नगर निगम मानेसर के गांव व शहरी क्षेत्र की समस्याओं को लेकर नगर निगम मानेसर के भाजपा मेयर प्रत्याशी रहे सरपंच सुंदर लाल यादव के नेतृत्व में कई गांवों के सरपंच साथियों ने निगमायुक्त आयुष सिन्हा से मुलाकात की। क्षेत्र में व्याप्त समस्याओं के समाधान के लिए उनसे आग्रह किया। निगमायुक्त ने समस्याओं के जल्द से जल्द समाधान का आश्वासन दिया।

सरपंच सुंदर लाल यादव व अन्य साथी सरपंचों ने निगमायुक्त आयुष सिन्हा को मांग पत्र देकर कहा कि मानेसर नगर निगम क्षेत्र में विकास के काम पूरे कराए जाएं। जहां पर सडक़ें टूटी हैं। गांवों में सीवरेज, बिजली, पानी की समस्याएं हैं। सफाई की समस्या है। सभी का समाधान तत्परता से कराया जाए। मानेसर शहरी क्षेत्र में सडक़ों पर बेसहारा पशुओं की संख्या काफी बढ़ गई है। उनकी वजह से कई बार हादसे भी हो जाते हैं। पशु आपस में लड़ते हुए वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बनतेे हैं। ऐसे में इन पशुओं को गोशालाओं मेें पहुंचाया जाए। बंदरों का भी कई गांवों में आतंक है। उनके कारण ग्रामीण काफी परेशान हैं। बंदरों को भी पकड़वाया जाए।

इस दौरान सरपंच सुंदर लाल यादव के साथ साथी सरपंच गांव वजीरपुर के सरपंच शेर सिंह चौहान, नखड़ौला के सरपंच लक्ष्मण यादव, लखन सरपंच शिकोहपुर, हरजस सरपंच रामपुरा, विजयपाल सरपंच नाहरपुर, कासा बेला सोसायटी प्रधान धर्मबीर यादव, बेसटेक ग्रांड स्पा सोसायटी प्रधान अशोक कुमार, कोरलवुड सोसायटी प्रधान तपस, वाटिका पी. ब्लॉक सोसायटी प्रधान विपिन चौहान ने निगमायुक्त से उम्मीद जताई कि वे जल्द से जल्द इन समस्याओं का समाधान करेंगे।

सरपंच सुंदर लाल यादव ने कहा कि सरकार ने गुरुग्राम के विकास को तेजी से करने के लिए मानेसर नगर का गठन किया है। मानेसर नगर निगम बनने के बाद क्षेत्र विकास के मामले में आगे बढऩा चाहिए। सरकार का पूरा फोकस गुरुग्राम सहित पूरे हरियाणा पर है। औद्योगिक क्षेत्र मानेसर के विकास में भी आगे बढऩा चाहिए। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से आग्रह किया कि विकास के कार्यों को आगे बढ़ाया जाए, ताकि जनता को इसका लाभ मिल सके। 

Share via
Copy link