9 जुलाई की राष्ट्रव्यापी हड़ताल में शामिल होंगे हजारों रिटायर्ड कर्मचारी
चंडीगढ़, 5 जुलाई 2025 – इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) कर्मचारी प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष और हरियाणा रोडवेज कर्मचारी एकता यूनियन के पूर्व राज्य प्रधान बलवान सिंह दोदवा ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि केंद्र और हरियाणा की भाजपा सरकार रिटायर्ड कर्मचारियों के अधिकारों को छीनने पर तुली हुई है। उन्होंने इसे कर्मचारियों की मेहनत और सेवा पर सीधा हमला करार दिया।
बलवान सिंह ने कहा कि वर्ष 2004 में केंद्र की भाजपा सरकार ने नई पेंशन योजना लागू कर पुरानी पेंशन को खत्म कर दिया था। अब 8वें वेतन आयोग से मिलने वाले लाभों से रिटायर्ड कर्मचारियों को वंचित रखने के प्रयास किए जा रहे हैं, जो पूरी तरह से अमानवीय और अन्यायपूर्ण है।
पेंशन कोई “अनुग्रह” नहीं, अधिकार है – दोदवा
बलवान सिंह दोदवा ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले का हवाला देते हुए कहा कि पेंशन कोई खैरात नहीं बल्कि सेवानिवृत्त कर्मचारी का हक है। उन्होंने कहा कि जब कर्मचारी ने जीवन भर सेवा दी है, तो रिटायरमेंट के बाद उन्हें सामाजिक सुरक्षा मिलनी ही चाहिए। लेकिन केंद्र सरकार अब “यूनिफाइड पेंशन स्कीम” लाकर भ्रम फैलाने और कर्मचारियों के साथ धोखा करने का काम कर रही है।
9 जुलाई की हड़ताल में बढ़-चढ़कर लेंगे हिस्सा
उन्होंने बताया कि केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ रिटायर्ड कर्मचारियों में गहरा आक्रोश है। 4 जुलाई को करनाल के मानव सेवा संघ में हुई एक बैठक में रिटायर्ड कर्मचारी संघ के प्रदेश संयोजक हरिनारायण शर्मा और बलवान सिंह दोदवा की अध्यक्षता में 9 जुलाई को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी हड़ताल में भाग लेने का सर्वसम्मति से फैसला लिया गया है।
बलवान सिंह ने चेतावनी दी कि यदि सरकार अपनी जिद्द पर अड़ी रही और पेंशन बहाली की मांग नहीं मानी, तो रिटायर्ड कर्मचारी मजबूर होकर प्रांत और राष्ट्रीय स्तर पर तीव्र आंदोलन छेड़ेंगे, जिसकी जिम्मेदारी पूरी तरह सरकार की होगी।
इनेलो की सरकार बनी तो पहली कलम से बहाल होगी पुरानी पेंशन
बलवान सिंह दोदवा ने वादा किया कि यदि हरियाणा में इनेलो की सरकार बनी, तो सरकार बनने के पहले दिन, पहली फाइल पर हस्ताक्षर कर पुरानी पेंशन योजना बहाल की जाएगी। यह केवल वादा नहीं, बल्कि रिटायर्ड कर्मचारियों के सम्मान की बहाली का संकल्प है।