चंडीगढ़, 19 जुलाई – हरियाणा के नवनियुक्त राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष का आज चंडीगढ़ हवाई अड्डे पर भव्य स्वागत किया गया। उनके स्वागत के लिए हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष श्री हरविन्द्र कल्याण, मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी सहित राज्य सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री, प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

राज्यपाल के आगमन पर उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर पारंपरिक आतिथ्य-संस्कार निभाया गया। इसके उपरांत प्रो. घोष राजभवन पहुंचे, जहां विधानसभा अध्यक्ष श्री हरविन्द्र कल्याण ने उनसे शिष्टाचार भेंट की।

इस अवसर पर श्री कल्याण ने कहा, “प्रो. असीम कुमार घोष एक दूरदर्शी एवं अनुभववान नेतृत्वकर्ता हैं। हरियाणा जैसे प्रगतिशील राज्य को उनकी प्रशासनिक दक्षता, सुदृढ़ कार्यशैली और विद्वता का निश्चित रूप से लाभ मिलेगा।”

राज्यपाल के स्वागत समारोह में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस विभाग के उच्चाधिकारी, राज्य सरकार के प्रतिनिधि एवं अन्य विशिष्टजन भी उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में उत्साह और गरिमा का वातावरण बना रहा।

Share via
Copy link