राजेंद्र पार्क की मुख्य सड़क पर राहगीरों की जान जोखिम में
गुड़गांव, 21 जुलाई (अशोक): शहर की सड़कों पर सीवर के टूटे ढक्कन और खुले मैनहोल लोगों के लिए खतरा बनते जा रहे हैं। राजेंद्र पार्क की मुख्य सड़क पर बीचोंबीच टूटा पड़ा सीवर का ढक्कन किसी बड़े हादसे को न्योता दे रहा है। हैरानी की बात यह है कि यह मार्ग न केवल अत्यधिक व्यस्त रहता है, बल्कि यहां से प्रतिदिन हजारों की संख्या में राहगीर और वाहन गुजरते हैं।
स्थानीय निवासी गौरव मणि त्रिपाठी, बीरेन्द्र शुक्ला, राजेश पटेल और संदीप कुमार ने बताया कि इस मार्ग पर हर समय भारी आवाजाही रहती है। खुले सीवर के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है, वहीं इससे उठती दुर्गंध ने लोगों का जीना दूभर कर दिया है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि नगर निगम को कई बार शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। न तो ढक्कन बदला गया और न ही सीवर को ढकने के लिए कोई अस्थाई उपाय किए गए।
स्थानीय लोगों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि इस गंभीर समस्या का तत्काल समाधान किया जाए ताकि किसी संभावित दुर्घटना को टाला जा सके। साथ ही उन्होंने यह भी चेताया कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो वे सामूहिक रूप से विरोध प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगे।