भिवानी से होगा हरियाणा शतरंज एसोसिएशन HCA के वार्षिक खेल कैलेंडर 2025 का आगाज

भिवानी, 23 जुलाई 2025 | महाभारत में भीष्म पितामह की भूमिका निभा चुके सुप्रसिद्ध अभिनेता शक्तिमान मुकेश खन्ना के नेतृत्व वाली हरियाणा शतरंज एसोसिएशन HCA ने वार्षिक खेल कैलेंडर 2025 जारी कर दिया है। इस अवसर पर पेरिस इंटरनेशनल ओलम्पिक से शतरंज एशिया महाद्वीप के महासचिव ब्रह्मचारी कुलदीप शतरंज ने बताया कि एचसीए का “मिशन-2025” अब भिवानी से प्रारंभ हो गया है, जिसके अंतर्गत हर महीने प्रदेश के चार से अधिक जिलों में इंटर-जिला शतरंज चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा।

इसी कड़ी में भिवानी, चरखी दादरी, रोहतक, हिसार, जींद और बहादुरगढ़ सहित कई जिलों में आगामी शतरंज मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। खेल कैलेंडर से संबंधित सभी जानकारियां एचसीए की आधिकारिक वेबसाइट www.indianchess.org पर उपलब्ध हैं।

भारत में फिर गूंजेगा विश्व शतरंज का संग्राम: वर्ल्ड कप 2025 की मेजबानी –
23 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद भारत एक बार फिर शतरंज वर्ल्ड कप 2025 की मेजबानी करने जा रहा है। यह प्रतिष्ठित आयोजन 30 अक्टूबर से 27 नवंबर 2025 तक भारत में आयोजित होगा। अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ (FIDE) द्वारा स्वीकृत इस प्रतियोगिता में दुनिया भर के 206 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।

पेरिस इंटरनेशनल ओलम्पिक से शतरंज एशिया महाद्वीप के महासचिव ब्रह्मचारी कुलदीप शतरंज ने बताया कि भारत ने पिछली बार वर्ष 2002 में हैदराबाद में इस मेगा इवेंट की मेजबानी की थी, जिसमें ग्रैंडमास्टर विश्वनाथन आनंद ने विजेता बनकर देश को गौरवान्वित किया था। इस बार फिर भारत में शतरंज का जुनून चरम पर है और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी यहां के उत्साही माहौल को लेकर बेहद उत्साहित हैं।

CBSE उत्तर भारत शतरंज चैंपियनशिप 13-15 अगस्त को सावड़ में –
13 से 15 अगस्त 2025 तक CBSE उत्तर भारत शतरंज चैंपियनशिप का आयोजन सागर ग्लोबल स्कूल, सावड़ में किया जाएगा। इसमें अंडर-11, 14, 17 और 19 आयु वर्ग के लगभग 1000 खिलाड़ी हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, उत्तर प्रदेश, राजस्थान आदि राज्यों से भाग लेंगे। ब्रह्मचारी कुलदीप ने बताया कि खिलाड़ियों के आवास, भोजन एवं परिवहन की व्यवस्था आयोजकों द्वारा की जाएगी।

जिला स्तरीय स्पर्धाएं भी निश्चित –

  • 28 जुलाई 2025: दादरी जिले की अंडर-11, 14, 17, 19 बालक-बालिका शतरंज प्रतियोगिता, बाल शिक्षा निकेतन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सावड़ में।
  • 4-7 अगस्त 2025: भिवानी जिला की अंडर-17 व 19 बालक-बालिका प्रतियोगिता, राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल, भिवानी में।
  • 22-23 अगस्त 2025: भिवानी जिले के बालकों की प्रतियोगिता।
  • 25-26 अगस्त 2025: भिवानी जिले की बालिकाओं की प्रतियोगिता।

शतरंज जल्द बनेगा स्कूली विषय –
नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के तहत हरियाणा सरकार जल्द ही गुजरात, गोवा और तमिलनाडु की तर्ज पर शतरंज को स्कूली पाठ्यक्रम में एक विषय के रूप में शामिल कर सकती है। ब्रह्मचारी कुलदीप शतरंज ने बताया कि सरकार स्तर पर इसकी तैयारियां तेज़ी से चल रही हैं, जिससे बच्चों में तार्किक क्षमता, एकाग्रता और मानसिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।

Share via
Copy link