– राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किए वर्ष 2018 से 2021 तक के पुरस्कार प्रदान

चण्डीगढ़, 24 जुलाई। राष्ट्रपति भवन, नई दिल्ली में 22 जुलाई को आयोजित एक गरिमामय समारोह में भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के 16 उत्कृष्ट सदस्यों को राष्ट्रपति स्काउट/गाइड/रोवर/रेंजर पुरस्कार प्रमाणपत्र प्रदान किए। ये पुरस्कार वर्ष 2018 से 2021 के लिए दिए गए, जिनमें हर वर्ष चार-चार प्रतिभागियों को उनकी अनुकरणीय सेवा, अनुशासन और समर्पण के लिए चुना गया था।
इस भव्य आयोजन में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के मुख्य राष्ट्रीय आयुक्त डॉ. के. के. खंडेलवाल (आईएएस, सेवानिवृत्त) भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने राष्ट्रपति को संगठन की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, उद्देश्यों एवं गतिविधियों की जानकारी दी और ‘प्लैक ऑफ ऑनर’ भेंट किया। डॉ. खंडेलवाल ने बताया कि संगठन ने अपनी शताब्दी वर्ष की शुरुआत 7 नवंबर, 2024 से की है। उन्होंने महात्मा गांधी के प्रसिद्ध कथन का उल्लेख करते हुए कहा, “मैं प्रार्थना करता हूँ कि भारत के हर घर में स्काउट्स एवं गाइड्स जैसे प्रशिक्षित बच्चे हों।”
कार्यक्रम की मुख्य विशेषता रही — देशभर से चुने गए 16 स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स और रेंजर्स का राष्ट्रपति द्वारा सम्मान। सभी प्रतिभागियों ने सेना जैसी अनुशासित चाल में राष्ट्रपति को सलामी दी, सम्मानपूर्वक प्रमाणपत्र प्राप्त किया और आत्मविश्वास के साथ मंच से लौटे। उनके चेहरे की मुस्कान और गौरव भाव उनके प्रशिक्षण और सेवा-भावना का जीवंत प्रमाण थी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इस अवसर पर पुरस्कार विजेताओं और स्काउट-गाइड्स समुदाय को संबोधित करते हुए उन्हें राष्ट्र सेवा में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि स्काउट्स एवं गाइड्स का प्रशिक्षण युवाओं में चरित्र निर्माण, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और सेवा भावना को प्रोत्साहित करता है, जो किसी भी समाज की रीढ़ होते हैं।