प्रधानमंत्री को सुनते हुए नई ऊर्जा और प्रेरणा मिलती है : बड़ौली

चंडीगढ़, 27 जुलाई। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने पीएम मोदी के लोकप्रिय मन की बात कार्यक्रम को सोनीपत में नागरिकों के साथ सुना। उन्होंने पीएम मोदी के लोकप्रिय मन की बात कार्यक्रम को सदैव कुछ नया करने और प्रेरणा देने वाला बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के हर विचार में विकास और गौरवान्वित करने वाली प्रेरणा होती है जो देश को नई दिशा देती है। श्री बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री को सुनते हुए नई ऊर्जा और प्रेरणा मिलती है।
मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि आज के कार्यक्रम में राष्ट्रहित में किए जा रहे जनसरोकारों, नवाचारों व जनभागीदारी की प्रेरक झलक मिली। प्रधानमंत्री ने मन की बात कार्यक्रम में विज्ञान, विरासत के अलावा अनेक विषयों पर बात की। श्री बड़ौली ने कहा कि मन की बात कार्यक्रम के जरिए युवाओं को नए-नए आईडिया मिलते हैं।
श्री बड़ौली ने कहा कि आज के कार्यक्रम में पीएम मोदी ने महाराष्ट्र, तमिलनाडू मराठो के किलों की चर्चा की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को गौरवान्वित करने वाले शुभांशु शुक्ला का जिक्र किया साथ ही अगस्त 2023 में चंद्रयान-3 की सफलता की भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि विज्ञान से जुड़े इस तरह के संदेश से युवाओं में विज्ञान और अंतरिक्ष को लेकर एक नई जिज्ञासा जागृत होती है। श्री बड़ौली ने कहा कि पीएम मोदी ने विरासत पर भी चर्चा की। मराठा किलों को यूनेस्को द्वारा विश्व धरोहर घोषित होने वाली खबर को गर्व से भर देने वाली बताया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि पीएम मोदी ‘आम शख्स की प्रेरणादायक खास उपलब्धियों को मन की बात कार्यक्रम के जरिए साझा करते हैं। प्रधानमंत्री ने अमेरिका में हुए विश्व पुलिस और अग्निशमन खेल में भारत की ऐतिहासिक उपलब्धि की सराहना की। उन्होंने कहा कि अब ये पुलिस खेल 2029 में गुजरात में होंगे जिसमें दुनिया भर के खिलाड़ी शामिल होंगे। प्रधानमंत्री ने भारतीय त्योहारों को लेकर देशवासियों को शुभकामनाएं दी। श्री बड़ौली ने कहा कि पीएम मोदी ने भारतीय पर्व हरियाली तीज, जन्माष्टमी, रक्षा बंधन को भावनाओं से जुड़ने वाले पर्व बताया।