सेना पर सवाल खड़े करना विपक्ष की मानसिकता बन चुकी : बड़ौली

भाजपा देश के बारे में सोचती है और कांग्रेस के लोग अपने बारे में सोचते हैं : बड़ौली

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने करनाल में भाजपा पदाधिकारियों और मंडल अध्यक्षों की बैठक ली

चंडीगढ़, 30 जुलाई। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने बुधवार को करनाल में जिला पदाधिकारियों और मंडल अध्यक्षों की पार्टी कार्यालय कर्ण कमल में बैठक ली। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष ने वर्तमान में चल रहे अभियानों की समीक्षा की और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर चर्चा की। श्री बड़ौली ने कहा कि हमारी कई पीढ़ियों की तपस्या से केंद्र व प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है। हमारे कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत और परिश्रम से पार्टी लगातार आगे बढ़ रही है। बैठक से पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पत्रकारवार्ता कर मीडिया के सवालों के जवाब भी दिए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 14 अगस्त को फरीदाबाद में राज्य स्तरीय विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी समेत तमाम मंत्री, विधायक मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर विभाजन विभीषिका पर कार्यक्रम होंगे और त्रिरंगा यात्राएं भी निकाली जाएंगी। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों में विभाजन के दौरान पाकिस्तान से आए लोगों को सम्मानित भी किया जाएगा। श्री बड़ौली ने कहा कि आज की बैठक में इन सभी अभियानों की योजना रचना पर विस्तृत चर्चा हुई है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार में युवाओं को बिना पर्ची और बिना खर्ची के मैरिट के आधार पर नौकरियां मिल रही है। सीईटी की परीक्षा एक अच्छे माहौल में सपन्न हुई है। परीक्षा के दौरान दोनों दिन उत्सव का माहौल रहा है। नायब सरकार ने परीक्षार्थियों को एक अच्छी व्यवस्था दी और आगे आने वाली परीक्षाओं में और बेहतर व्यवस्था सरकार देगी।
एक सवाल पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि मोदी और नायब सरकार का लक्ष्य लोगों को गरीबी की रेखा से उपर उठाना है।

भाजपा सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास के मूलमंत्र पर चलते हुए हर वर्ग के विकास का सतत प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि संगठन की प्रक्रिया के तहत बूथ, मंडल और जिला कार्यकारिणी का गठन हो चुका है और जल्द ही मोर्चों की सूची भी जारी कर दी जाएगी।

श्री बड़ौली ने कहा कि भाजपा एक चुनाव को पूरा करती है तो दूसरे चुनाव की तैयारी में जुट जाती है। उन्होंने कहा कि हमारी प्रक्रिया अब 2029 के चुनाव को लेकर चल रही है, हमारे कार्यकर्ता हर समय चुनावी मोड़ में रहते हैं। लोकसभा में विपक्ष की भूमिका पर उन्होंने कहा कि विपक्ष नासमझ है। सेना पर सवाल खड़ा करना विपक्ष की मानसिकता बन चुकी है। श्री बड़ौली ने कहा कि भाजपा सदैव देश के बारे में सोचती है, जबकि विपक्ष के लोग देश के बारे में नहीं, बल्कि अपने बारे में सोचते हैं।
एक अन्य सवाल पर मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि विपक्ष के बहुत से लोग ऐसे हैं जो रहते तो भारत में हैं और भाषा पाकिस्तान की बोलते हैं, ऐसे लोगों को एक बार पाकिस्तान में रहकर आना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के बहुत से नेताओं से संपर्क होता तो वे कहते हैं कि वे अपने ही कांग्रेसी नेताओं की कार्यशैली से परेशान हैं और अब वे कांग्रेस में रहना नहीं चाहते।

मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का सभी जिलों में प्रवास रहेगा। प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री रात्रि विश्राम करेंगे और जनता के प्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से बातचीत भी करेंगे। इस संगठनात्मक बैठक को प्रदेश महामंत्री डा. अर्चना गुप्ता, जिलाध्यक्ष प्रवीण लाठर एवं जिला प्रभारी भारत भूषण जुआल ने भी सम्बोधित किया।

इस मौके पर प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बडौली के अतिरिक्त प्रदेश महामंत्री डा. अर्चना गुप्ता, जिलाध्यक्ष प्रवीण लाठर, प्रभारी भारत भूषण जुआल, मेयर रेणुबाला गुप्ता, सांसद प्रतिनिधि कविन्द्र राणा, चेयरपर्सन निर्मला बैरागी, पूर्व विधायक रमेश कश्यप, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक सुखीजा, जगदेव पाढा, कृष्ण गर्ग, धर्मपाल शांडिल्य, राजबीर शर्मा,जिला महामंत्री सुभाष कश्यप,मानव पुरी, जिला उपाध्यक्ष संजय राणा, नरेन्द्र सिंह,साहिल मदान, दीपक शर्मा, प्रियंका काठपाल, संयोगिता गुप्ता, जिला मीडिया प्रभारी डा अशोक कुमार, शिवनाथ कपूर,मोनिक गर्ग,मदन गुर्जर, विकास राणा एवं बब्बू मंजूरा सहित अन्य जिला पदाधिकारियों सहित सभी मंडलों के मंडल अध्यक्ष, महामंत्री, पालक एवं प्रभारी मौजूद रहे।

Share via
Copy link