सेना के पराक्रम पर सवाल उठाने वाली कांग्रेस को सवाल पूछने का अधिकार नहींः मोहन लाल बडौली
भाजपा हरियाणा के सभी 377 मंडलों में निकालेगी तिरंगा यात्रा : मोहन लाल बड़ौली
भाजपा के लिए देश और कांग्रेस के परिवार जरूरी : बड़ौली
तिरंगा यात्रा के लिए प्रदेश समिति का गठन, असीम गोयल को संयोजक, मनीष यादव, डा. आदित्य बतरा और मीना परमार को सह संयोजक नियुक्त किया
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने गुरुग्राम और गुरुग्राम महानगर (ग्रामीण) में ली संगठनात्मक बैठक

चंडीगढ़, 31 जुलाई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि भाजपा प्रदेश के सभी 377 मंडलों में तिरंगा यात्रा निकालेगी। उन्होंने कहा कि विभाजन विभीषिका पर 14 फरवरी को फरीदाबाद में प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम होगा जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी समेत मंत्री, विधायक और प्रदेश के कार्यकर्ता शामिल होंगे। विभाजन विभीषिका पर जिला स्तर पर भी कार्यक्रम होने हैं। श्री बड़ौली गुरुवार को प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने कांग्रेस को भी घेरा और कांग्रेस को देश की 140 करोड़ जनता का दिल दुखाने वाली पार्टी बताया।
मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि देश की जनता का कांग्रेस से मोह भंग हो चुका है और अब कोई भी कांग्रेस पार्टी से जुड़ना नहीं चाहता। उन्होंने कहा कि देश के लोगों को भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियां पसंद हैं और लोग खुश हैं। एक अन्य सवाल पर उन्होंने कहा कि कहने को कांग्रेस राष्ट्रीय पार्टी है, लेकिन वह परिवार की पार्टी बनकर रह गई है और कई परिवारों के साथ बंधी हुई है।
मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि भाजपा के लिए देश सर्वप्रथम है, इसलिए देश के विकास के बारे में सोचती है, जबकि कांग्रेस की सोच राष्ट्रहित में ना होकर परिवार हित में है। श्री बड़ौली ने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के रवैये को देश देख रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि हमारी लड़ाई सिर्फ और सिर्फ आतंकवाद से है और आतंकवाद को खत्म करना ही भाजपा का लक्ष्य है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि कांग्रेस ने राजनीति करनी है तो राजनीतिक पार्टियों से करें, लेकिन कांग्रेस देश की सेना के पराक्रम पर ही प्रश्न चिन्ह लगाकर जनता का दिल दुखा रही है, इसलिए कांग्रेस को सवाल पूछने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस को नकार चुकी है, इसलिए कांग्रेस अब धीरे-धीरे समाप्ति की ओर बढ़ रही है।
एक सवाल पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा 2014 से पहले और अब 2025 का गुरुग्राम देखेंगे तो हर क्षेत्र में काफी विकास हुआ है। नायब सरकार में बहुत तेजी से विकास के कार्य गुरुग्राम समेत पूरे प्रदेश हो रहे हैं। कांग्रेस पार्टी के संगठन पर पूछे गए सवाल पर श्री बड़ौली ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस का संगठन इतना मजबूत है कि लोकसभा की कार्यवाही को भी रोक देता है। लोकसभा में जिस तरह का व्यवहार विपक्ष कर रहा है उसे देश की जनता देख रही है।
प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने गुरुग्राम और गुरुग्राम ग्रामीण जिलों के भाजपा के मंडल अध्यक्षों, मंडल प्रभारियों और महामंत्रियों की अलग-अलग बैठक ली। जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी और जिला अध्यक्ष अजीत यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने मोहन लाल बड़ौली ने पिछले कार्यक्रमों की समीक्षा की और आगामी कार्यक्रमों की योजना रचना पर विस्तृत चर्चा की।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हर घर तिरंग यात्रा के लिए प्रदेश समिति का गठन हो गया है। पूर्व मंत्री असीम गोयल को कमेटी का संयोजक नियुक्त किया है। उन्होंने कहा कि मनीष यादव गुरुग्राम, डा. आदित्य बतरा रोहतक, मीना परमार भिवानी को सह संयोजक नियुक्त किया है। उन्होंने कहा कि सभी मंडलों में तिरंगा यात्राएं निकाली जानी है, इसलिए सभी कार्यकर्ता अधिक से अधिक लोगों को तिरंगा यात्रा में शामिल करें और उत्साह और जोश के साथ तिरंगा यात्राएं निकालें। श्री बड़ौली ने कहा कि हरियाणा के सभी जिलों में बूथ, मंडल और जिला की नई टीमों का गठन हो चुका है। उन्होंने कहा कि 10 अगस्त तक जिला व मंडलों की कार्यकारिणी की बैठकें भी होंगी।
बैठक में मन की बात कार्यक्रम सभी बूथों पर 100 प्रतिशत सुनने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं की तारीफ की और जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी और अजीत यादव की पीठ थपथपाई। श्री बड़ौली ने कहा कि हमें अपने बूथों को और अधिक मजबूत करना है। उन्होंने यह भी कहा कि सभी कार्यकर्ता संगठन ही सेवा के मूलमंत्र पर चलते हुए नायब सरकार के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाएं।
बैठक में जिला प्रभारी संदीप जोशी, जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी, प्रदेश मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी, जिला महामंत्री अजीत यादव, जिला महामंत्री मनीष सैदपुर, हरविन्द्र कोहली, बल्लभगढ़ के जिला प्रभारी कमल यादव, जिला मीडिया प्रभारी हितैष चौधरी के अलावा अन्य वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने मानेसर में भाजपा जिला कार्यालय का किया उद्घाटन

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने गुरुवार को मानेसर में भाजपा गुरुग्राम महानगर (ग्रामीण) के जिला कार्यालय का विधिवत हवन-यज्ञ कर उद्घाटन किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण भी किया और कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अजीत सिंह जी ने की। इस अवसर पर सोहना से विधायक तेजपाल तंवर जी, पटौदी विधायक श्रीमती बिमला चौधर, पूर्व विधायक सत्यप्रकाश जरावता, जिला प्रभारी राजकुमार वोहरा, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष ऊषा प्रियदर्शी, पूर्व जिला अध्यक्ष एवं फरीदाबाद महानगर प्रभारी कमल यादव सहित भाजपा के प्रदेश एवं जिला पदाधिकारीगण तथा सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।