कर्मठ और समर्पित कार्यकर्ता ही भाजपा की ताकत : बड़ौली

चंडीगढ़, 4 अगस्त। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि हरियाणा की नायब सरकार सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता मोदी और नायब सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बन रहे हैं। श्री बड़ौली सोमवार को नारनौल स्थित भाजपा जिला कार्यालय पहुंचे और संगठनात्मक मुद्दों और आगामी अभियानों को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा की। मोहन लाल बड़ौली ने कार्यकर्ताओं से मिलने के बाद पत्रकारों से भी बातचीत की और कांग्रेस पर निशाना साधा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि भाजपा 14 अगस्त को “विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस” के रूप में मना रही है। इसी दिन सायं को मौन यात्राएं भी प्रदेश में निकाली जाएंगी। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर विभाजन विभीषिका को लेकर बड़े कार्यक्रम होंगे और राज्य स्तरीय कार्यक्रम फरीदाबाद में होगा जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि होंगे।
श्री बड़ौली ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत प्रदेश के सभी 377 मंडलों में तिरंगा यात्राएं निकाली जानी है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि विभाजन विभीषिका कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों को जोड़ें और खासकर युवाओं को शामिल करें। उन्होंने कहा कि विभाजन विभीषिका को स्मृति दिवस के रूप में मनाने का मकसद लोगों को देश के बटवारे के समय हुई भयानक त्रासदी के बारे में जानकारी देना है। श्री बड़ौली ने कहा कि तिरंगा यात्रा के दौरान शहीदों व महापुरूषों को याद कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए जाएंगे।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा एक विचारधारा आधारित पार्टी है और कर्मठ व समर्पित कार्यकर्ता उसकी ताकत है। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता संगठन को और अधिक मजबूत करने के लिए कार्य करें। श्री बड़ौली ने कहा कि हरियाणा की नायब सरकार जनकल्याण के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रही है। हर वर्ग के लोग भाजपा सरकार की नीतियों से खुश हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि वे सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएं।
मीडिया से बातचीत करते हुए मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि 11 वर्षों में भाजपा सरकार ने पारदर्शी तरीके से कार्य करते हुए हर वर्ग को लाभान्वित किया है। कांग्रेस के समय रोजाना घोटालों की खबरें आती थी, लेकिन भाजपा सरकार में आज तक कोई घोटाला नहीं हुआ। एक सवाल पर उन्होंने कहा कि हरियाणा की नायब सरकार अच्छा कार्य कर रही है।