
नई दिल्ली, 5 अगस्त 2025 – भारतीय मुक्केबाज़ी महासंघ (Boxing Federation of India – BFI) के चुनाव अब 21 अगस्त 2025 को कराए जाएंगे। इस बार मुकाबला बेहद दिलचस्प होने जा रहा है क्योंकि पूर्व केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर और स्पाइसजेट के मालिक अजय सिंह के गुट आमने-सामने होंगे।
विश्व स्तर पर भी नजरें टिकीं
पेरिस अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक से लौटे एशियाई शतरंज महासंघ के महासचिव ब्रह्मचारी कुलदीप शतरंज ने बताया कि BFI चुनाव में वर्ल्ड बॉक्सिंग के अध्यक्ष बोरिस वान और महासचिव माइक मैकएटी बतौर पर्यवेक्षक भाग लेंगे। इससे चुनाव की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की कोशिशें साफ़ नज़र आती हैं।
बीच चुनाव सिंगापुर के फैरूज मोहम्मद बने BFI के अंतरिम अध्यक्ष
चुनाव प्रक्रिया के सुचारू संचालन हेतु वर्ल्ड बॉक्सिंग ने सिंगापुर बॉक्सिंग के अध्यक्ष फैरूज मोहम्मद को BFI का नया अंतरिम अध्यक्ष नियुक्त किया है। फैरूज मोहम्मद पूर्व में BFI चुनावों में पर्यवेक्षक की भूमिका निभा चुके हैं और उनके अनुभव को देखते हुए यह नियुक्ति की गई है।
अनुराग ठाकुर को मैदान में उतारने की तैयारी
पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर इस बार भी BFI के अध्यक्ष पद के लिए मैदान में उतर सकते हैं। हिमाचल प्रदेश बॉक्सिंग संघ ने उनका नाम अजय सिंह गुट के विरुद्ध नामांकित करने की योजना बनाई है। इससे पहले 28 मार्च 2025 को प्रस्तावित चुनाव में भी ठाकुर मैदान में थे, लेकिन विवादों के चलते उनका नाम अंतिम वोटर लिस्ट में शामिल नहीं किया गया था।
अजय सिंह की आपत्ति और कानूनी लड़ाई
BFI के निवर्तमान अध्यक्ष अजय सिंह ने अनुराग ठाकुर की पात्रता पर सवाल उठाते हुए कहा था कि वह हिमाचल प्रदेश का वैध प्रतिनिधित्व नहीं कर सकते। इसी को आधार बनाकर उन्हें वोटर लिस्ट से बाहर रखा गया। ठाकुर गुट ने इस निर्णय के खिलाफ उच्च न्यायालय का दरवाज़ा खटखटाया था, जिसकी सुनवाई अभी जारी है।
राजनीतिक माहौल गरमाया
चुनाव को लेकर खेल जगत के साथ-साथ राजनीतिक गलियारों में भी हलचल तेज हो गई है। यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या अनुराग ठाकुर कोर्ट की लड़ाई जीत पाते हैं और अजय सिंह के सामने एक मजबूत चुनौती पेश करते हैं, या फिर अजय सिंह एक बार फिर अपनी स्थिति मजबूत बनाए रखते हैं।