चंडीगढ़, 5 अगस्त – करनाल स्थित दयाल सिंह स्कूल के विद्यार्थियों ने मंगलवार को एक विशेष शैक्षणिक यात्रा के अंतर्गत हरियाणा विधानसभा का भ्रमण किया। इस अवसर पर बच्चों ने न केवल विधानसभा भवन का दौरा किया, बल्कि गवर्नर गेट और कैपिटल कॉम्प्लेक्स जैसे महत्वपूर्ण स्थलों को भी देखा।

बच्चों को जानकारी दी गई कि यह परिसर अद्वितीय है, जहां विधान पालिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका तीनों अंग एक ही स्थान पर स्थित हैं। उन्होंने विधानसभा के अंदर विधायी कार्यप्रणाली की झलक भी देखी और विधानसभा पुस्तकालय का अवलोकन किया, जिसमें 50,000 से अधिक पुस्तकें मौजूद हैं। कई दुर्लभ और ऐतिहासिक पुस्तकों को देखकर छात्रों में विशेष उत्सुकता देखने को मिली।

हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष श्री हरविन्द्र कल्याण ने विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य की योजनाओं के बारे में बातचीत की तथा उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी।

यह शैक्षणिक यात्रा न केवल ज्ञानवर्धक रही, बल्कि विद्यार्थियों के भीतर लोकतांत्रिक प्रक्रिया और शासन प्रणाली को लेकर गहरी समझ भी विकसित करने वाली सिद्ध हुई।

Share via
Copy link