समाज में हर व्यक्ति को नया अवसर और सुधार का मौका मिलता है : डा. अर्चना गुप्ता

चंडीगढ़,  9 अगस्त। भाजपा प्रदेश महामंत्री डा. अर्चना गुप्ता ने रक्षाबंधन के पावन अवसर पर एक अनोखी मिसाल पेश करते हुए पानीपत के गांव सिवाह स्थित जेल का दौरा किया। यहां उन्होंने उन कैदियों के साथ यह त्योहार मनाया, जिनके पास राखी बांधने के लिए कोई अपना नहीं आया था। डा. अर्चना गुप्ता ने 100 से अधिक कैदियों को स्वयं अपने हाथों से राखी बांधी, उन्हें मिठाई खिलाई और आत्मीयता से बातचीत की। उन्होंने कैदी भाईयों से उपहार स्वरूप भविष्य में सतमार्ग पर चलने तथा जेल से रिहाई के बाद अच्छा नागरिक बनने का वचन लिया। उन्होंने कैदियों को यह संदेश भी दिया कि समाज में हर व्यक्ति को एक नया अवसर और सुधार का मौका मिलता है।

डा. अर्चना गुप्ता ने सभी कैदी भाईयों के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की। डा. अर्चना गुप्ता ने जेल प्रशासन और अधिकारियों को भी रक्षाबंधन पर्व की बधाई दी और कार्यक्रम की व्यवस्था करने के लिए आभार जताया। इस मौके पर पानीपत महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष नेहा शर्मा, जिला उपाध्यक्ष अनीता चावला, जिला किसान मोर्चा अध्यक्ष महावीर दहिया, प्रदेश किसान मोर्चा से कृष्ण आर्य भी मौजूद रहे।

डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि घर परिवार और परिजनों से दूर जेल में बंद कैदी इस त्योहार के अवसर पर अपने परिजनों और बहनों को याद करते हैं। इस कमी को दूर करने के उद्देश्य से आज कैदी भाईयों को राखी बांधी गई। उन्होंने कहा कि व्यक्ति से जीवन में कई बार गलती हो जाती है। उन्होंने कैदियों से आह्वान करते हुए कहा कि वे अपने अच्छे व्यवहार से जेल से बाहर आने के बाद समाज में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाएं।

डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि रक्षाबंधन का यह त्योहार भाई-बहन को स्नेह की डोर में बांधता है। रक्षाबंधन केवल एक पर्व नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति में भाई-बहन के अमिट रिश्ते का प्रतीक है जो सामाजिक एकता और पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करता है।  उन्होंने कहा कि आज इस पावन पर्व पर सभी कैदी संकल्प लें कि वे अच्छा व्यवहार करें, सकारात्मक गतिविधियां अपनाकर अपने जीवन में परिवर्तन लाएं। उन्होंने कहा कि अच्छा व्यवहार जेल से बाहर आने के बाद एक बेहतर व्यक्ति के रूप में समाज में समाहित होने में मददगार साबित होता है।

महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष नेहा शर्मा, जिला उपाध्यक्ष अनीता चावला ने भी कैदियों को राखी बांधी और रक्षाबंधन पर्व की बधाई दी। उन्होंने कहा कि राखी सिर्फ एक धागा नहीं है, बल्कि विश्वास और रिश्ते का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि अच्छे आचरण से अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है।  

Share via
Copy link