यमुनानगर व फिरोजपुर झिरका में सरकारी कर्मचारियों पर जानलेवा हमला, CM सैनी के गढ़ में अपराधियों के हौसले बुलंद

चंडीगढ़। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने हरियाणा में बढ़ते अपराध को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि गुंडे और माफिया अब पुलिस और सरकारी कर्मचारियों पर भी जानलेवा हमला करने से नहीं डरते।

सुरजेवाला ने X (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा—
“यमुनानगर में खैर तस्करों और फिरोजपुर झिरका में खनन माफियाओं ने सरकारी कर्मचारियों पर हमला किया। यमुनानगर में वन विभाग की गाड़ी को चकनाचूर कर दिया गया और घायल कर्मचारी अस्पताल में इलाज करा रहे हैं। यह इलाका मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का अपना गढ़ है। सैनी साहब, अब पुलिस को बचाने के लिए एक और महकमा बनाइए!”

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि प्रदेश की भाजपा सरकार अपराधियों के आगे पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि खनन, तस्करी और संगठित अपराध के मामलों में पुलिस के पास कार्रवाई की ताकत नहीं बची है, जिससे अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद हो रहे हैं।

हाल ही में यमुनानगर में वन विभाग की टीम पर खैर की अवैध तस्करी रोकने के दौरान हमला हुआ था, जबकि फिरोजपुर झिरका में खनन रोकने गई सरकारी टीम को माफियाओं ने निशाना बनाया। दोनों मामलों में सरकारी वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया और कर्मचारियों को चोटें आईं।

सुरजेवाला ने कहा कि जब मुख्यमंत्री के अपने इलाके में यह हाल है तो पूरे प्रदेश में आम जनता की सुरक्षा की स्थिति का अंदाज़ा लगाया जा सकता है।

Share via
Copy link