भारत के विभाजन में लाखों लोगों ने अपनी जान गंवाई और करोड़ों लोग बेघर हुए : बड़ौली

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, कैबिनेट मंत्री डा. अरविंद शर्मा ने विभीषिका की त्रासदी को झेलने वाले 86 परिवारों को गोहाना में सम्मानित किया

चंडीगढ़, 10 अगस्त। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने भारत-पाकिस्तान विभाजन को दुनिया की सबसे बड़ी त्रासदी बताया। उन्होंने कहा कि देश के बंटवारे का दर्द कभी नहीं भुलाया जा सकता। 10 लाख से अधिक लोगों ने अपने प्राण गवाएं और करोड़ों लोग बेघर हुए और अरबों की सम्पति नष्ट हुई। श्री बड़ौली रविवार को पंचनद ट्रस्ट व पंजाबी सेवा समिति द्वारा सामुदायिक केंद्र, सेक्टर 7 गोहाना सोनीपत में आयोजित चतुर्थ विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस कार्यक्रम को कैबिनेट मंत्री डा. अरविंद शर्मा ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर विभीषिका की त्रासदी को झेलने वाले 86 परिवारों का सम्मान भी किया गया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि 14 अगस्त 1947 को देश का बंटवारा हुआ। हर भारतीय को इस दिन को याद रखना चाहिए, क्योंकि हमारे लाखों भाई-बहनों को विस्थापित होना पड़ा था और यातनापूर्ण हिंसा का सामना करना पड़ा। श्री बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने त्रासदी की पीड़ा को झेलने वाले लाखों परिवार के सम्मान में विभाजन विभीषिका को स्मृति दिवस के रूप में मनाना सुनिश्चित किया है।

श्री बड़ौली ने कहा कि 79 साल बाद भी लाखों परिवार इस पीड़ा को महसूस करते हैं। उन्होंने कहा कि विस्थापित परिवारों ने कड़ी मेहनत की और अपने आपको मजबूत किया। आज विस्थापित परिवार देश और प्रदेश के विकास में अपना महत्वपूण योगदान दे रहे हैं। श्री बड़ौली ने 14 अगस्त को फरीदाबाद में होने वाले प्रदेश स्तरीय विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस कार्यक्रम पर आने के लिए सभी लोगों को आमंत्रित भी किया।

कैबिनेट मंत्री डा. अरविंद शर्मा ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि 14 अगस्त 1947 में हुए बंटवारे का दर्द प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिल में था। विभाजन के समय लाखों लोगों ने यातनाएं झेली, कत्लेआम हुआ और परिवारों से बिछड़ गए थे। श्री शर्मा ने कहा कि पीएम मोदी ने लाल किले से विभाजन पीड़ितों को सम्मान देने के लिए विभाजन विभीषिका को स्मृति दिवस के रूप में मनाने की परम्परा को शुरू किया। श्री शर्मा ने कहा कि आज हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इसे आगे बढ़ा रहे हैं। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा ने घोषणा करते हुए कहा कि 14 अगस्त को फरीदाबाद में होने वाले राज्य स्तरीय आयोजन में गोहाना की महत्वपूर्ण भागीदारी होगी।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला प्रभारी किरण कलकल, गोहाना जिला अध्यक्ष बिजेंद्र मलिक, सोनीपत जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज, नगर परिषद गोहाना चेयरपर्सन रजनी विरमानी, प्रदीप सांगवान, पंचनद के अध्यक्ष जितेंद्र, संजय महेंदीरत्ता, महेंद्र जिलाना, जिला महामंत्री जितेंद्र शर्मा, डा. धर्मबीर नांदल, ओम प्रकाश शर्मा, सुमित कक्कड़, पंजाबी सभा के अध्यक्ष राजू इंद्रजीत विरमानी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। विभाजन विभीषिका कार्यक्रम के बाद भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने जिला प्रभारी डॉ. किरण कलकल की अगुआई में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, डा. अरविंद शर्मा को राखी बांधी।

Share via
Copy link