कांग्रेस द्वारा चुनाव आयोग पर चोरी का आरोप लगाना दुर्भाग्यपूर्ण : मोहन लाल बड़ौली
कांग्रेस को तो मतदाता सूची में संशोधन का स्वागत करना चाहिए : बड़ौली

चंडीगढ़, 12 अगस्त। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि मतदाता सूची और चुनाव आयोग पर सवाल उठाने वाले राहुल गांधी में ज्ञान की कमी है। क्या बोलना चाहिए और क्या नहीं बोलना चाहिए राहुल गांधी को इसका भी पता नहीं है। श्री बड़ौली ने कहा कि भ्रामक बातें फैलाना और झूठ बोलना कांग्रेस नेताओं और राहुल गांधी की आदत बन गई है।
मोहन लाल बड़ौली ने चुनाव आयोग द्वारा मतदाता लिस्ट में संशोधन करने की पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे उन लोगों के नाम कटेंगे जिन लोगों की मृत्यु हो चुकी है या फिर मतदाता अपने बताए पते पर नहीं रहते हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा में बहुत सारे प्रवासी लोग रहते हैं और अपनी वोट बनवा लेते हैं, ऐसे में उन लोगों की भी वोट कट जाएगी जो अपने-अपने प्रदेशों में लौट चुके हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता लिस्ट में संशोधन होना अच्छी शुरूआत है।
मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि 2004 से 2014 तक हरियाणा में 4.1 प्रतिशत वोट बढ़ी थी। 2014 से 2025 तक भाजपा शासन में 4.4 प्रतिशत वोट बढ़ी है, सिर्फ प्वाइंट 3 का फर्क है। उन्होंने कहा कि वोट घटती बढ़ती रहती है, कांग्रेस के लोगों को चिंता करने की जरूरत नही है। कांग्रेस को तो मतदाता सूची में संशोधन का स्वागत करना चाहिए।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 2029 में परिसीमन होगा तब बूथ भी ईधर-उधर होंगे और विधानसभाएं भी नई बनेंगी। परिसीमन से पहले कांग्रेस पार्टी द्वारा इस तरह का माहौल बनाना और चुनाव आयोग पर चोरी का आरोप लगाना दुर्भाग्यपूर्ण है। श्री बड़ौली ने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस के नेता जिस तरह की बयानबाजी और प्रदर्शन कर रहे हैं वह निदंनीय है। कांग्रेस नेताओं की बातों में सच्चाई और सबूत होने चाहिए जोकि उनके पास नहीं है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि देश और हरियाणा की जनता ने लोकतंत्र की मर्यादा में रहते हुए भाजपा की सरकार बनाई है। राहुल गांधी चुनाव आयोग को लेकर मीडिया के सामने जो प्रदर्शन कर रहे हैं वह बेहूदा प्रदर्शन है। राहुल गांधी और कांग्रेस नेताओं के बयान में कोई दम खम नहीं है।