भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने सोनीपत में कार्यकर्ताओं के साथ अपने आवास पर फहराया तिरंगा

चंडीगढ़,13 अगस्त। हर घर तिरंगा अभियान के तहत बुधवार को भाजपा नेताओं ने अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराया। तिरंगा फहराने के साथ ही बीजेपी नेताओं ने हर प्रदेशवासी से अपने घर पर तिरंगा फहराने की भी अपील की है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कार्यकर्ताओं के साथ बुधवार को अपने आवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने तिरंगा को देश की आन-बान-शान और हर भारतीय के दिल की धड़कन बताया। उन्होंने कहा कि तिरंगा हमें आज़ादी के लिए दिए गए बलिदानों की याद दिलाता है और एक भारत-श्रेष्ठ भारत के निर्माण का संकल्प मजबूत करता है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में शुरू हुआ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान आज देश को एकता के सूत्र में पिरोने और राष्ट्रप्रेम की भावना को और भी प्रबल करने का जन अभियान बन गया है। श्री बड़ौली ने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव’ के तत्वावधान में लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर घर तिरंगा फहराने के लिए इस अभियान को शुरू किया था।

श्री बड़ौली ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्र का प्रतीक ही नहीं, बल्कि स्वाभिमान, एकता और बलिदान की पहचान है जिसे उंचा रखना हर भारतीय का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि तिरंगे का सम्मान और उसे हर घर तक पहुंचाना स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि हरियाणा में 377 मंडल है और हमारे सभी कार्यकर्ताओं ने हर घर तिरंगा अभियान के तहत प्रदेश भर में तिरंगा यात्राएं निकाली है और हर घर तिरंगा अभियान के तहत अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराया है। श्री बड़ौली ने कहा कि 14 अगस्त को फरीदाबाद में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम होगा जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, हरियाणा सरकार के मंत्री, विधायक भी शामिल होंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में फरीदाबाद पहुंचे और विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस कार्यक्रम में शामिल हों।