गुरुग्राम, 13 अगस्त। आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा के लिए जेल यातनाएं सहने वाले हरियाणा के लोकतंत्र सेनानी संगठन के प्रदेश पदाधिकारियों ने आज मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात कर सुविधाओं में विस्तार की मांग की। इस अवसर पर संगठन की ओर से एक विस्तृत ज्ञापन भी सौंपा गया।

प्रदेश अध्यक्ष महावीर भारद्वाज ने बताया कि 2017 में सरकार ने लोकतंत्र सेनानियों को सम्मान निधि देने की अधिसूचना जारी की थी। उन्होंने मांग रखी कि इसे विधानसभा में पारित कर कानून का रूप दिया जाए। वर्तमान में हरियाणा में ₹20,000 मासिक सम्मान निधि दी जा रही है, जबकि मध्य प्रदेश व उत्तर प्रदेश में यह ₹30,000 है। संगठन ने महंगाई को देखते हुए हरियाणा में भी राशि ₹30,000 प्रतिमाह करने की मांग की।

ज्ञापन में पांच लाख रुपये का कैशलेस स्वास्थ्य बीमा, पर्यटन इकाइयों में 40% शुल्क छूट, हरियाणा भवन व हरियाणा निवास में वर्ष में 30 दिन निशुल्क ठहरने की सुविधा, सभी पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में सरकारी रेट पर आवास, वोल्वो व एसी बसों में निशुल्क यात्रा, राष्ट्रीय पर्वों पर विशेष सम्मान, तथा निधन पर राजकीय सम्मान सहित ₹10,000 की अंत्येष्टि सहायता जैसी मांगें शामिल हैं।

संगठन ने मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और राजस्थान की तर्ज पर सक्षम व योग्य लोकतंत्र सेनानियों को निगम व बोर्ड में दायित्व देने का भी सुझाव दिया, जिससे युवाओं में देशभक्ति की प्रेरणा बढ़े।

मुख्यमंत्री से भेंट करने वालों में प्रदेश संरक्षक जयप्रकाश गुप्ता, अध्यक्ष महावीर भारद्वाज, महामंत्री पवन सिब्बल, कोषाध्यक्ष बलबीर अग्रवाल, उपाध्यक्ष सतीश कत्याल, मंत्री वेद प्रकाश शर्मा और ऑडिटर रामस्वरूप पोपली मौजूद रहे।

Share via
Copy link