एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत अभी तक लगाए गए एक करोड़ 80 लाख पौधे *

*दूसरे चरण में 2 करोड़ 10 लाख पौधे लगाने का रखा गया लक्ष्य*

*प्रदेश में चल रही है पौधारोपण की लहर*

*पर्यावरण संरक्षण व पौधारोपण है सामूहिक जिम्मेवारी*

*हर परिवार खुशी के अवसर पर लगाए एक पौधा, देखभाल भी करें*

चंडीगढ़, 14 अगस्त – हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आधुनिकता व विकास की दौड़ में हमें प्रकृति का शोषण नहीं, बल्कि उसके साथ सामंजस्य स्थापित करना है। प्रदेश में 2014 से अब तक लगभग 18 करोड़ पौधे लगाए जा चुके है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए एक पेड़ माँ के नाम अभियान के प्रथम चरण में प्रदेश में एक करोड़ 80 लाख पौधे लगाए गए है। अभियान के दूसरे चरण में 2 करोड़ 10 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी जिला रोहतक के गांव बालंद में एक पेड़ माँ के नाम कार्यक्रम में पौधारोपण करने के उपरांत जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इससे पूर्व उन्होंने यूनिवर्सल प्रिसीजन स्क्रूज एलपीएस बोसार्ड प्राइवेट लिमिटेड के नए प्लांट का शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि आज प्रदेश में पौधारोपण अभियान की एक लहर चल रही है। वृक्षों के महत्त्व को समझते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 5 जून 2024 को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर दिल्ली में पौधारोपण कर एक पेड़ माँ के नाम से एक अनूठा अभियान शुरू किया।

*एक पेड़ माँ के नाम 2.0 अभियान का किया अरावली पर्वत से*

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश में वन क्षेत्र को बढ़ाने के लिए कई योजनाएं शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश में एक पेड़ माँ के नाम 2.0 अभियान का शुभारंभ अरावली पर्वत से किया है। सरकार द्वारा मोरनी, क्लेसर, स्योसर और गुरुग्राम के जंगल सफारी में वन महोत्सव के माध्यम से पौधारोपण किया गया है। इसी कड़ी में बालंद में 5100 पौधे लगाए गए हैं। सरकार द्वारा 75 वर्ष से अधिक आयु के वृक्षों के सम्मान में प्राण वायु देवता पेंशन स्कीम शुरू की गई है, जिसके तहत तीन हजार रुपए प्रति वर्ष प्रति वृक्ष रखरखाव के लिए दिए जा रहे है।

*बच्चों को बचपन से प्रकृति के साथ जोड़ें*

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने नागरिकों का आह्वान करते हुए कहा कि पेड़ लगाना सबकी सामूहिक जिम्मेवारी है। सभी नागरिक इस अभियान के साथ जुडक़र इसे जन आन्दोलन का रूप दें तथा बच्चों को बचपन से ही प्रकृति के साथ जोड़ें ताकि वे पेड़-पौधो की देखभाल के प्रति संवेदनशील हो सके। उन्होंने कहा कि आज हर परिवार यह संकल्प लें कि परिवार में बच्चों के जन्मदिन व खुशी के हर अवसर पर एक पेड़ लगाए तथा इसका रखरखाव भी करें। हरियाणा को फिर से हरा भरा बनाने के अभियान में अपना योगदान दें।

*कांग्रेस देश की जनता को कर रही है गुमराह, जनता ने कांग्रेस पार्टी को नकारा*

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा स्वतंत्रता दिवस समारोह से एक दिन पूर्व 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाने का आह्वान किया था। देश के विभाजन के समय लाखों परिवार विस्थापित हुए, अपनों से बिछड़े तथा बेटियों पर अत्याचार हुए। कुछ लोगों ने अपने राजनीतिक लाभ के लिए भारत का विभाजन करवाया। कांग्रेस पार्टी ने देश पर 55 वर्ष तक शासन किया। अब यह पार्टी कभी ईवीएम खराब, कभी वोट चोरी व कभी संविधान को खतरा बताकर देश की जनता को गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा कि वोट चोरी कांग्रेस ने किए है, जब उन्होंने अपने शासनकाल के दौरान अनेक घोटाले किए है। देश की जनता ने अब कांग्रेस पार्टी को नकार दिया है।

*राहुल गांधी के बयानों से देश व समाज को हो रहा है नुकसान, उन्हें इलाज की आवश्यकता*

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें अपना इलाज करवाने की आवश्यकता है। राहुल गांधी के बयानों से देश व समाज को नुकसान हो रहा है। उन्होंने देश की संवैधानिक संस्थाओं व लोकतंत्र का अपमान किया है। देश की बहादुर सेनाओं के शौर्य पर भी उन्होंने सवाल उठाए है। भारतीय सेनाओं ने विभिन्न ऑपरेशनों के दौरान सरहद पार आतंकवाद को मिट्टी में मिलाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का यह झूठ का षड्यंत्र ज्यादा दिन नहीं चलेगा। कांग्रेस पार्टी के नेता स्वयं ही वोट चोरी करवाते है तथा वर्तमान में इस पार्टी का नेतृत्व चिंताजनक है।

*प्रदेश को करोड़ों पौधे लगाकर दोबारा हरा भरा बनाने का लिया है संकल्प :- मोहन लाल बडौली*

भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बडौली ने कहा कि सरकार ने हरियाणा को हरा भरा बनाने के लिए करोड़ों पौधे लगाने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने फरीदाबाद में शिरकत की तथा उन्होंने अपनी व्यवस्थताओं के बावजूद बालंद गांव में विशाल पौधारोपण कार्यक्रम में भाग लेकर पर्यावरण व प्रकृति प्रेमी होने का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि रोहतक का हरियाणा के विकास में विशेष योगदान है।

Share via
Copy link