भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने राई हलके के ताजपुर और जैनपुर गांव में किया ध्वजारोहण

हमारे वीर जवान ही हमारी ताकत, हमारी पहचान और हमारी शान : मोहन लाल बड़ौली

चंडीगढ़, 15 अगस्त। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने 79वें स्वतंत्रता दिवस पर शुक्रवार को सोनीपत के राई हलके के ताजपुर और जैनपुर गांव में ध्वजारोहण किया। श्री बड़ौली ने इस अवसर पर देश के ज्ञात व अज्ञात शहीदों को नमन किया और प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। अपने संबोधन में मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि देश की एकता, अखंडता की रक्षा के लिए हमारे वीर जवानों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया तब जाकर हमें आजादी मिली। उन्होंने कहा कि हमारे वीर जवान ही हमारी ताकत, हमारी पहचान और हमारी शान हैं। श्री बड़ौली ने कहा कि सैनिकों के कल्याण हेतु भाजपा सरकार पूर्णतः प्रतिबद्ध है। हरियाणा की नायब सरकार शहीदों के परिवारों के सम्मान और भलाई के लिए निरंतर काम कर रही है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आज देश हर्षोल्लास और उत्साह के साथ स्वतंत्रता दिवस मना रहा है, पूरा भारत तिरंगामय है और तिरंगा ही हमारे इतिहास, संघर्ष और सपनों का जीवंत प्रतीक है। श्री बड़ौली ने कहा कि वीर सैनिकों के कारण ही हम चैन की नींद सो पाते हैं और इन्हीं की वजह से एक सूत्र भारत का निर्माण आज हो रहा है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि आतंकवादियों ने पहलगाम में निर्दोष लोगों की हत्या की और हमारी बहनों के सिंदूर को उजाड़ा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना के बाद कड़ा एक्शन लिया और हमारे वीर जवानों ने पाकिस्तान में आतंकवाद के 9 ठिकानों को ध्वस्त किया। श्री बड़ौली ने कहा कि यह केवल प्रतिशोध नहीं था, बल्कि आतंकवाद के खिलाफ भारत का संदेश है। श्री बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर और मजबूत हो रहा है।

मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि भाजपा सरकार में शहीदों के परिवारों को पूरा मान और सम्मान मिल रह है। हरियाणा की नायब सरकार हर वर्ग के हित के लिए योजनाएं बनाकर उनकों सशक्त करने का काम कर रही है। श्री बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा है। जब देश आजादी का 100वां वर्ष पूरा करेगा तब विकसित भारत का जो नक्शा उभरकर आएगा उसमें विकसित हरियाणा की भी एक अलग पहचान दिखाई देगी।

Share via
Copy link