गुरुग्राम, 17 अगस्त 2025: वरिष्ठ अधिवक्ता एवं जिला बार एसोसिएशन गुरुग्राम के पूर्व प्रधान चौधरी संतोख सिंह ने हरियाणा में बढ़ते अपराध और बिगड़ती कानून व्यवस्था पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के शासनकाल में प्रदेश में हत्याएं, डकैती, फायरिंग, फिरौती और लूटपाट की घटनाएं बेलगाम हो चुकी हैं, जिससे आमजन का जीवन असुरक्षित हो गया है। प्रशासन की निष्क्रियता के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और जनता भय के साये में जीने को मजबूर है।

हाल ही में गुरुग्राम के मणप्पुरम गोल्ड लोन शाखा में दिनदहाड़े ₹9 लाख नकदी और 150 पैकेट सोने की लूट की घटना इसका जीता-जागता उदाहरण है। लुटेरों ने कर्मचारियों और सिक्योरिटी गार्ड को घायल कर आसानी से फरार हो गए। यह घटना प्रदेश की बदहाल कानून व्यवस्था को उजागर करती है।

चौधरी संतोख सिंह ने कहा कि हरियाणा में अपराधी बेखौफ होकर दिनदहाड़े शूटआउट और धमकियां दे रहे हैं। सरकार और प्रशासन की चुप्पी से जनता में आक्रोश बढ़ रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि स्वयं गृह मंत्री का प्रभार संभाल रहे मुख्यमंत्री क्या केवल बयानबाजी तक सीमित रहेंगे, या अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर जनता को सुरक्षा का भरोसा दिलाएंगे? प्रदेश के हर जिले में अपराधियों का बोलबाला है और आम नागरिक अपनी सुरक्षा के लिए स्वयं संघर्ष कर रहे हैं।

उन्होंने मांग की कि सरकार और प्रशासन तत्काल प्रभाव से कठोर कदम उठाए, अपराधियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाए और प्रदेश में कानून का राज स्थापित करे।

Share via
Copy link