गुरुग्राम हत्या, रंगदारी, लूट और गोलीबारी का केंद्र
मुख्यमंत्री बतौर गृहमंत्री पूर्णतया विफल

गुरुग्राम,17 अगस्त 2025।भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता सुखबीर जे तंवर ने आज हरियाणा में व्याप्त जंगल राज की कड़ी निंदा करते हुये कहा कि भारतीय जनता पार्टी की नायब सिंह सैनी नीत प्रदेश सरकार की लचर कानून व्यवस्था के कारण राज्य अपराधियों का गढ़ बन गया है। हरियाणा की आर्थिक राजधानी गुरुग्राम अब कूड़ाग्राम और जलग्राम के साथ ही अपराधग्राम में परिवर्तित हो चुकी है। आर्थिक राजधानी में हत्या, रंगदारी की धमकियां और गोलीबारी की घटनायें रोजमर्रा की बात हो गई हैं। विगत करीब दो वर्षों की अवधि में 2024 से अब तक अपराधों की आयी बाढ़ प्रदेश सरकार की विफलता का प्रत्यक्ष प्रमाण है।
प्रदेश प्रवक्ता तंवर ने विशेष रूप से यूट्यूबर एल्विस यादव के गुरुग्राम स्थित घर पर आज सुबह हुई गोलीबारी की घटना को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि यह घटना हरियाणा में कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ाने वाली है। एल्विस यादव के आवास पर चेहरा छुपाये तीन मोटरसाइकिल हमलावरों ने 24-30 राउंड गोलियां चलाईं। यह घटना रंगदारी, गैंगवार और कानून व्यवस्था की विफलता का परिणाम है।
तंवर ने कहा कि हरियाणा में अपराध की स्थिति अत्यंत भयावह है। प्रतिदिन औसतन तीन हत्याएं हो रही हैं। राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो के अनुसार प्रदेश में वर्ष 2024 में 966 हत्या के अपराध दर्ज किये गये। गैंगस्टर अपराध और अपराधियों को बढ़ावा देते हुये बेरोजगार युवाओं को रंगदारी के धंधे में लुभा रहे हैं। शराब ठेकों से रंगदारी का धंधा चरम पर है। प्रदेश की आर्थिक राजधानी गुरुग्राम सहित अन्य शहरों में स्थिति बेहद खराब है, जहां कारोबारी और सामान्य नागरिक डर के साये में जीने को मजबूर हैं। प्रदेश में 2024 से अभी तक राज्य में अपराध की खबरें अखबारों मे छायी हुई हैं।
जनवरी 2024 मैं गोहाना की प्रसिद्ध मातुराम जलेबी पर 40 राउंड फायर करके दो करोड़ की रंगदारी मांगी गयी। एक मार्च को बहादुरगढ़ में इंडियन नेशनल लोकदल के प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या की गई। उसी दिन गुड़गांव के व्यापारी को लखन माजरा में रंगदारी के लिए गोलियो से भून दिया गया। वर्ष 2025 में शराब माफिया का भय व्याप्त जिससे प्रदेश में शराब ठेको की नीलामी प्रक्रिया नही होने से प्रदेश राजस्व में व्यापक हानि हुई। खनन माफिया का आतंक निरंतर जारी है। सिरसा और फतेहाबाद जिलों में नशा बिक्री चरम पर है। कांग्रेस नेत्री हिमानी नरवाल और हरियाणवी मॉडल शीतल की हत्या। हाल में भिवानी के लोहारू में गला रेतकर 19 वर्षीय अध्यापिका मनीषा की निर्मम हत्या हुई।
गुरुग्राम में 2024 के जनवरी माह में 24 वर्षीय मॉडल दिव्या पूजा की गोलीमार की हत्या। मार्च में कबाड़ व्यापारी 26 वर्षीय सचिन मुंजाल की काला जठेड़ी गैंग दुवारा 10 से ज्यादा गोली मारकर हत्या। अक्टूबर में बाउंसर विक्रम की सोहना में हत्या। 2025 के जनवरी माह में कौशल गैंग द्वारा अशोक विहार गुड़गांव में व्यापारी से रंगदारी के लिए उसके घर 50 से ज्यादा राउंड फायर किए गये। मार्च में पत्रकार धर्मेंद्र चौहान की हत्या। जुलाई में टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव की गोली मारकर हत्या और मशहूर रैपर एवं जननायक जनता पार्टी नेता राहुल फाजिलपुरिया पर फायरिंग। अगस्त माह में दिल्ली के प्रॉपर्टी डीलर शौकीन की गोली मारकर हत्या। इसी माह पटौदी क्षेत्र में 31 वर्षीय युवक की पीट पिट कर हत्या और 25 वर्षीय रितेश की हत्या। ये घटनायें सिर्फ बानगी हैं, वास्तविकता इससे कहीं ज्यादा भयावह है। प्रदेश और गुरुग्राम में घटित अपराधिक घटनाओं से ऐसा प्रतीत होता है जैसे प्रदेश सरकार ने गैंगस्टरों, माफिया और जघन्य अपराधियों के सामने समर्पण कर दिया है। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस मांग करती है कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बतौर ग्रहमंत्री अपनी विफलता स्वीकार करे और गृहमंत्री के पद से अविलंब त्यागपत्र दें।