भारत सारथी/ऋषि प्रकाश कौशिक

गुरुग्राम। आज भाजपा की विज्ञप्तियां पढ़ मन में एक प्रश्न कौंधा कि अत्याधिक विलक्षण प्रतिभा के धनी हैं भाजपा के मंत्री और विधायक। आप ही देखिए कुछ बातें और करिए फैसला।

गुरुग्राम के विधायक सुधीर सिंगला ने आज दो घंटे के कार्यक्रम में 80 समस्याओं को सुन भी लिया, अधिकारियों को निर्देश भी दे दिए और उनका समाधान भी करा दिया। दो घंटे में 120 मिनट होते हैं, जिसमें कुछ समय स्वागत और परिचय में चला जाता है। अर्थात लगभग 1 मिनट में उन्होंने समस्या सुन भी ली, अधिकारियों को निर्देश भी दे दिए और समाधान भी कर दिया।

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि वहां सैक्टर-4 आरडब्ल्यूए भी उपस्थित थी और वह वहां से बड़े मायूस होकर निकलते हुए देखे गए। सैक्टर में घूमकर देखिए। सड़कें टूटी हुईं, नालियां रूकी हुई हैं, कूड़े के ढ़ेर भी कई जगह दिखाई दे जाते हैं।

कल प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ का कहना था कि हमने 14 में से 13 चेयरमैन जीत लिए। अब हमारी तो समझ में आया नहीं कि यह कैसे संभव है। चुनाव आयोग के आंकड़े कुछ और कहते हैं। उनका कहना था कि 13 में भाजपा समर्थित भी हैं। जब 14 पर भाजपा चुनाव लड़ रही थी तो भाजपा ने क्या अपने ही उम्मीदवारों के विरूद्ध किसी अन्य को समर्थन दे रखा था? सवाल है मेरी समझ में तो आया नहीं।

आज निकाय चुनाव में सभी दल अपनी-अपनी डींगें हांक रहे हैं। दीपेंद्र हुड्डा और प्रदेश अध्यक्ष उदयभान कह रहे हैं कि मुख्यमंत्री के क्षेत्र से उम्मीदवार हार गए, उनके लिए शर्मनाक बात है। प्रश्न यह उठता है कि रोहतक, सोनीपत जो हुड्डा के क्षेत्र हैं और प्रदेश अध्यक्ष के अपने क्षेत्र और कार्यकारी अध्यक्ष जितेंद्र भारद्वाज के क्षेत्र में उनकी क्या स्थिति है? उस पर गौर किया।

आज सब आंकड़े कुछ भी कहते रहें मनोहर लाल का कहना है कि निकाय चुनाव में भाजपा-जजपा गठबंधन को 60 प्रतिशत मत मिले हैं। आप सोचिए, क्या यह संभव है?

Share via
Copy link