जनता का स्कूलों के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी को समर्थन
जनता के टैक्स के पैसों से बने स्कूलों को नहीं होने देंगे बंद : अनुराग ढांडा
गांवों के लोगों के भूमि और श्रम दान से तैयार होता है एक स्कूल, खट्टर सरकार इनको बेचने की फिराक में : अनुराग ढांडा
चंडीगढ़, 24 अगस्त – आम आदमी पार्टी को स्कूलों को बहाल करने के मुद्दे पर जनता का भरपूर जनसमर्थन मिल रहा है। खट्टर सरकार के 105 स्कूलों को बंद करने के आदेश के विरोध में आप कार्यकर्ताओं ने बुधवार को सभी स्कूलों में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। हल्ला बोल कार्यक्रम के तहत छछरौली ब्लॉक के गांव शेरपुर, तारणवाला में किया विरोध प्रदर्शन किया गया। वहीं रादौर ब्लॉक के गधौल, ठसका खादर और सुल्तानपुर खादर गाँव में कार्यकर्ताओं ने घर घर जाकर जनता को जागरूक किया।
इसके साथ झज्जर के रेढूवास, करनाल के इंद्री से तुसुंग गांव, महेंद्रगढ़, करनाल, कुरुक्षेत्र के थानेसर, झज्जर, अंबाला, चरखीदादरी और रेवाड़ी के गांवों के स्कूल में प्रदर्शन किया गया।
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय सलाहकार अनुराग ढांडा ने कहा कि प्रदेश में बंद स्कूलों के खिलाफ आम आदमी पार्टी आंदोलन स्कूलों को बहाल होने तक जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जनता के टैक्स के पैसों से एक स्कूल तैयार होता है। खट्टर सरकार ने एक झटके में सभी स्कूलों को बंद कर दिया। पहले तो सुविधाओं के नाम पर कुछ नहीं, फिर बच्चों की कमी बताकर स्कूलों को बंद कर दिया जाता है।
गांवों के लोगों ने वर्षों की मेहनत से स्कूल तैयार किए हैं। भूमि का दान दिया और श्रम दान किया है। एक एक स्कूल को खोलने के लिए न जाने कितने मंत्रियों के चक्कर लगाने पड़े हैं। प्रदेश की खट्टर सरकार इन स्कूलों को बंद करने के आदेश पारित कर दिए। उन्होंने कहा कि एक भी स्कूल को बंद नहीं होने दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा शिक्षा और स्कूलों को निजी हाथों में सौंपने है। उन्होंने कहा कि दो साल के बाद आम आदमी पार्टी की सरकार आ रही है, प्रदेश के स्कूलों का दिल्ली के शिक्षा मॉडल की तर्ज पर कायाकल्प करने का काम किया जाएगा।