कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने की तिरंगा यात्रा की अगुवाई

चंडीगढ़, 11 अगस्त — हरियाणा के सहकारिता, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में तिरंगा यात्राओं का आयोजन हो रहा है। देश की सेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और इसके बाद पाकिस्तान के घर में घुसकर जो सबक सिखाया है, उससे पूरी दुनिया में भारत का मान-सम्मान बढ़ा है। उन्होंने कहा कि आज तिरंगा यात्रा के माध्यम से हजारों नागरिकों में राष्ट्रीय एकता, भाईचारा प्रेम और देश को आगे बढ़ाने की सोच मजबूत हो रही है।
सोमवार को गोहाना में आयोजित तिरंगा यात्रा का नेतृत्व करते हुए डॉ. अरविंद शर्मा ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति पर माल्यार्पण किया और शहीद स्मारक तक हजारों कार्यकर्ताओं व स्कूली बच्चों के साथ पैदल मार्च करते हुए तिरंगा यात्रा निकाली।
इसके उपरांत पत्रकारों से बातचीत करते हुए कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि आज चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल वही लोग उठा रहे हैं, जिनका इतिहास बूथ लूटने और फर्जी मतदान का रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नैरेटिव सेट करने में माहिर है। लोकसभा चुनाव में भी संविधान को बदलने का भ्रम फैलाया गया, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार संविधान को मजबूती दे रही है और भारत को वैश्विक पहचान दिला रही है।
उन्होंने कहा कि देश कांग्रेस-मुक्त भारत की ओर बढ़ रहा है, जिससे कांग्रेस बौखलाई हुई है। बिहार चुनाव में एनडीए की मजबूत सरकार बनना तय है, इसलिए कांग्रेस व विपक्ष दुष्प्रचार कर रहे हैं। इस अवसर पर भाजपा गोहाना जिलाध्यक्ष बिजेंद्र मलिक, योगेश्वर दत्त, प्रदीप सांगवान, डॉ. रीटा शर्मा सहित कार्यकर्ता व स्कूली विद्यार्थी मौजूद रहे।