अमित शाह ने नहीं खोले अपने पत्ते; दिए अहम संकेत
कांग्रेस से भयभीत भाजपा नेता अब हो रहे हैं कांग्रेश पर हमलावर बोले- ‘इनकी सरकार दरबारी, दामाद और डीलर पर चलती है’
ताऊ देवीलाल को तो याद किया, जजपा की चर्चा नही
दिग्विजय सिंह ने रणजीत अभय चौटाला पर किए कटाक्ष
दिग्विजय सिंह चौटाला ने भी नांगल चौधरी में कहा 10 लोकसभा सीटों पर लड़ने का ऐलान, भिवानी महेंद्रगढ़ लोकसभा पर जताया दावा
पार्टी का विधानसभा चुनाव में 46 सीटें जीतने का लक्ष्य
अशोक कुमार कौशिक

हरियाणा में मिशन-2024 का आगाज करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भारतीय जनता पार्टी और जननायक जनता पार्टी के गठबंधन के भविष्य को लेकर पूरी तरह से पत्ते नहीं खोले। हालांकि, उनके भाषण की लय से स्पष्ट संकेत मिला कि लोकसभा चुनाव में भाजपा स्वयं के बूते राज्य की सभी 10 लोकसभा सीटें जीतने की तैयारी कर रही है। इधर नांगल चौधरी में रविवार को जजपा नेता दिग्विजय सिंह चौटाला ने ऐलान कर दिया है कि उनकी पार्टी 10 लोकसभा चुनाव पर उम्मीदवार खड़े करेगी। उन्होंने विधानसभा में भी 46 सीट जीतने का पार्टी का लक्ष्य बताया। उन्होंने भिवानी महेंद्रगढ़ लोकसभा सीट पर पार्टी का दावा जताया। उन्होंने अपने ही परिवार के रणजीत सिंह चौटाला तथा अभय सिंह चौटाला पर कटाक्ष किए।
अमित शाह की सिरसा रैली से हरियाणा की राजनीति को लेकर नए संकेत मिले हैं। हिमाचल कर्नाटक की सफलता के बाद पहली बार कांग्रेस की बढ़ती ताकत को देखते हुए बीजेपी एक बार फिर से कांग्रेस पर हमलावर हुई है। अब उसके सभी नेता चारों ओर से कांग्रेस पर हमला कर रहे हैं। दूसरी बात यह है कि रैली में पूर्व उप प्रधानमंत्री ताऊ देवी लाल का तो याद किया गया और उनके बेटे रणजीत सिंह चौटाला की बात की लेकिन जननायक जनता पार्टी की कोई चर्चा नहीं की गई।
अमित शाह ने अपने 22 मिनट के संबोधन में एक बार भी हरियाणा की गठबंधन सरकार का जिक्र नहीं किया, बल्कि हर बार मुख्यमंत्री मनोहर लाल की सरकार और भाजपा की सरकार का जिक्र किया।
दूसरी ओर, रैली के मंच पर निर्दलीय कोटे से बिजली मंत्री रणजीत सिंह चौटाला और हलोपा विधायक गोपाल कांडा की उपस्थिति यह संकेत देने के लिए काफी रही कि पिछले दिनों भाजपा प्रभारी बिप्लब देब ने जेजेपी का हाथ झटकने और निर्दलीय विधायकों को साथ लेकर चलने की जो कसरत की, वह बेवजह नहीं थी।
शाह ने चौटाला परिवार को पिन चुभोने का काम किया
भाजपा के चाणक्य माने जाने वाले अमित शाह ने बड़ी चतुराई के साथ चौटाला परिवार को उनके अपने गढ़ में पिन चुभोने का काम किया। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर शाह खुलकर हमलावर रहे, लेकिन उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला और सरकार में साझीदार जेजेपी और उनके उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला को लेकर एक भी शब्द नहीं बोला।
चौटालाओं की राजनीति पर खड़े कर दिए सवाल

हालांकि, अमित शाह ने स्पष्ट रूप से कहा कि स्व. देवीलाल के मन में किसानों व कमेरे वर्ग के प्रति चिंता थी। उनकी चिंता को प्रधानमंत्री मोदी के अलावा किसी ने नहीं समझा। इसका मतलब साफ है कि देवीलाल के बेटे ओमप्रकाश चौटाला हों या फिर पोते अभय चौटाला व अजय चौटाला तथा पड़पोते दुष्यंत चौटाला, सभी की राजनीति पर शाह ने सवाल खड़े कर दिए।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल की नौ साल की सरकार को पूरे नंबर देते हुए शाह ने यह संकेत भी दिया कि जिस तरह से अगला लोकसभा चुनाव प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में लड़ा जाएगा, उसी तरह हरियाणा में मनोहर लाल सरकार का बड़ा चेहरा होंगे।
रणजीत सिंह चौटाला को मिला शाह के मंच पर पूरा भाव
‘गौरवशाली भारत रैली’ में हरियाणा के बिजली मंत्री रणजीत सिंह चौटाला को पूरा भाव मिला। सभी वक्ताओं ने जहां उनकी खुलकर तारीफ की, वहीं अमित शाह रैली खत्म करने के बाद रणजीत सिंह चौटाला के घर चाय पीने भी गए। यह इस बात का संकेत है कि भाजपा का यकीन गठबंधन की राजनीति को आगे बढ़ाने की बजाय स्वयं की राजनीति को गति देने में अधिक है। रणजीत चौटाला को अमित शाह और मुख्यमंत्री मनोहर लाल के संबोधन से पहले रैली के मंच से बोलने का मौका भी मिला। वहीं बिजली मंत्री रणजीत सिंह ने अपने संबोधन में अमित शाह की तारीफ की। इतना ही नहीं उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह की तुलना भगवान कृष्ण के सुदर्शन चक्र से कर दी।
गृह मंत्री शाह ने यहां कांग्रेस पर निशाना भी साधा
उन्होंने कहा ” कांग्रेस की सरकार 3डी पर चलती है। पहले डी का मतलब दरबारी। दूसरे डी का दामाद और तीसरे का मतलब का दामाद के दलाल डीलर.” गृह मंत्री शाह ने कहा कि पीएम मोदी ने ये तीनों खत्म कर दिए। उन्होंने कहा कि मैं भूपेंद्र सिंह हुड्डा को चैलेंज करता हूं कि वो अपनी सरकार का हिसाब लेकर आए। सबसे ज्यादा गेहूं किसने खरीदा। अमित शाह ने कहा कि हमारी सरकार किसानों के लिए भावांतर लाई। उन्होंने कहा कि, लेकिन भूपेंद्र सिंह हुड्डा यह किसानों को नहीं दी।
गृह मंत्री अमित शाह ने क्या कहा
गृह मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर पूरे हरियाणा के सीएम हैं। उन्होंने कहा कि अब किसी जिले से पहले की तरह भेदभाव नहीं किया जाता। शाह ने कहा “हरियाणा के किसान, जवान ओर खिलाड़ी धाकड़ हैं। ये तीनों ही हमारे देश की शान हैं। जब भी देश पर कोई विपदा आई तो पंजाब-हरियाणा की जमीन ने चट्टान बनकर दुश्मनों के सीने छलनी कर दिए।” साथ ही उन्होंने कहा कि पू्रे देश को नशा मुक्त करने पर काम किया जा रहा है। हरियाणा में भी ये अभियान शुरू हो चुका है।
अपने ही परिवार पर भड़के दिग्विजय सिंह चौटाला

दिग्विजय सिंह चौटाला रविवार को नांगल चौधरी विधानसभा ग्रामीण दौरे के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान अपने ही परिवार पर निशाना साधते हुए दिखाई दिए। उन्होंने डॉ अभय सिंह चौटाला के बारे में कहा कि वह सिरसा जिले के एक गांव के सरपंच के साथ में लड़ाई लड़ रहे हैं। अपने आप को मुख्यमंत्री पद का दावेदार कहने वाले अभय सिंह चौटाला को सरपंच के साथ विवाद नहीं करना चाहिए।
उन्होंने बिजली मंत्री रणजीत चौटाला पर भी बिना नाम लिए निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इतिहास अपने आप को दोहराता है । दादा चौधरी देवीलाल जब मुख्यमंत्री थे तो सीबीआई में मामला ले जाने वाले उनके सगे भाई थे। लेकिन उनका राजनीति का हश्र क्या हुआ सबको पता है। आखिर में उनको चौटाला साहब के पास आना पड़ा और उन्हें गलती माननी पड़ी।
जेजेपी महासचिव ने महेंद्रगढ़ भिवानी लोकसभा सीट पर दावा ठोका
जननायक जनता पार्टी के महासचिव दिग्विजय सिंह चौटाला ने महेंद्रगढ़ भिवानी लोकसभा क्षेत्र पर अपना दावा ठोका है ।समझौता हुआ तो भी वह यह सीट जननायक जनता पार्टी के लिए मांगेंगे तथा इस सीट पर अजय सिंह चौटाला चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि जननायक जनता पार्टी महेंद्रगढ़ भिवानी लोकसभा क्षेत्र में डॉ अभय सिंह चौटाला को चुनाव लड़ना चाहती है यह केवल पार्टी के कार्यकर्ताओं की इच्छा ही नहीं है बल्कि उनका पहला लक्ष्य है। गठबंधन के साथ चुनाव लड़ा जाए या अकेले लड़ा जाएगी इस सीट पर उनका दावा हमेशा रहेगा। यह अजय सिंह चौटाला की कर्म स्थली है पहले भी वही सीट पर चुनाव लड़ चुके हैं । इसलिए यहां के कार्यकर्ताओं की इच्छा है कि वे यहां से चुनाव लड़े।