समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो करेंगे मुख्यमंत्री से शिकायत : भारद्वाज

गुडग़ांव, 25 अगस्त (अशोक) : सैक्टर 4 के निवासियों का प्रतिनिधित्व करने वाली अर्बन एस्टेट रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (उर्वा) के पदाधिकारियों ने मनोज भारद्वाज के नेतृत्व में सैक्टर 4 क्षेत्र में पहुंचे नगर निगम के संयुक्तायुक्त अखिलेश यादव से भेंट कर उन्हें क्षेत्र की समस्याओं की पूरी जानकारी दी। उनके साथ निगम के जेई रोहित जाखड़, शुभम व सैनेटरी इंस्पेक्टर हरीश मेहता, उर्वा के रामलाल ग्रोवर, ताराचंद राय, आरके शर्मा, सुनील यादव, वेद आर्य, विजय अग्रवाल आदि मौजूद रहे।

मनोज भारद्वाज ने संयुक्तायुक्त अखिलेश यादव को सैक्टर 4 की मुख्य सडक़, सीवर, वॉटर लॉगिंग, सफाई आदि समस्याओं से अवगत कराया। जिस पर संयुक्तायुक्त ने उर्वा के पदाधिकारियों को आश्वस्त किया कि सैक्टर 4 की समस्याओं का शीघ्र समाधान कराया जाएगा। मनोज ने बताया कि सैक्टर में पिछले काफी समय से मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। क्षेत्रवासियों की समस्याओं को उर्वा समय-समय पर उठाती आ रही है। अधिकारियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं का समाधान कराने का प्रयास किया जाता है। लेकिन बार-बार आग्रह करने के बाद भी समस्याओं का समाधान बमुश्किल ही हो पाता है। सैक्टर की सडक़ें इस कदर जर्जर हो चुकी हैं कि लोगों का सडक़ों पर पैदल व वाहनों में चलना मुश्किल हो गया है। सैक्टर में सफाई व्यवस्था का बुरा हाल है। सैक्टर में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। निगम की अनदेखी का खामियाजा लोगों को उठाना
पड़ रहा है। भारद्वाज का कहना है कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो उर्वा को प्रदेश के मुख्यमंत्री से शिकायत करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

Share via
Copy link