गुडग़ांव, 28 दिसम्बर (अशोक): गत दिवस ताउ देवीलाल स्टेडियम में 32वीं हरियाणा मास्टर एथलेटिक्स चैंपियनशिप का आयोजन किया गया, जिसमें 30 साल व उससे ऊपर आयु वर्ग के करीब 500 से अधिक खिलाडिय़ों ने बढ़-चढक़र  भाग लिया।

इस आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि 106 साल की रामबाई भी स्टेडियम में दौड़ लगाती दिखाई दी। 80 साल से अधिक आयु के कई बुजर्ग ऐसे मिले जिन्होंने मलेशिया और फिलिपीन में मैडल जीते है। प्रतियोगिता में जिले के बजघेड़ा स्थित राजकीय विद्यालय में कार्यरत अध्यापिका सुनीता राणा आर्या आदि ने दौड़, थ्रॉ व शॉर्टपुट में सिल्वर मैडल प्राप्त कर प्रदेश का नाम रोशन किया है।

इससे पूर्व भी सुनीता राणा को जाट गौरव सम्मान से सम्मानित किया जा चुका है। अंतर्राष्ट्रीय कर्मश्री अवार्ड भी उन्हें नेपाल के राष्ट्रपति द्वारा खेलों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर मिल चुका है। उन्होंने 3 मैडल प्राप्त कर महिलाओं के लिए उदाहरण प्रस्तुत किया है कि महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से कम नहीं हैं। इच्छाशक्ति दृढ़ होनी चाहिए, रास्ते अपने आप बनते जाते हैं। उनका कहना है कि अगले वर्ष फरवरी माह में पुणे में होने वाली एथलेटिक्स चैंपियनशिप में हरियाणा के खिलाड़ी बढ़-चढक़र भाग लेंगे। उनकी इस कामयाबी से उनके सहयोगी बड़े उत्साहित हैं और उनका कहना है कि महिलाओं को सुनीता राणा प्रेरणा लेनी चाहिए।

Share via
Copy link