रोहतक, हिसार व सिरसा लोकसभा क्षेत्र के कलस्टर प्रभारी व पूर्व मंत्री राव नरबीर सिंह ने भिवानी के कार्यालय का किया उद्घाटन

गुरुग्राम। लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रदेशभर में खोले गए लोकसभा कार्यालयों के उद्घाटन की कड़ी में रोहतक, हिसार व सिरसा लोकसभा क्षेत्र के कलस्टर प्रभारी तथा वरिष्ठ भाजपा नेता पूर्व मंत्री राव नरबीर सिंह ने भिवानी के कार्यालय का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने तमाम पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से 2024 में नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प लेकर जी-जान से तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। इस मौके पर पूर्व मंत्री घनश्याम सर्राफ, भिवानी जिलाध्यक्ष मुकेश गौड़, महेंद्रगढ़ जिलाध्यक्ष दयाराम यादव सहित तमाम पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।

पूर्व मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि दस साल पहले के भारत तथा आज के हिंदुस्तान में दिन-रात का अंतर है। पहले जहां भारत को एक कमजोर देश आंका जाता था, वहीं आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में हिंदुस्तान दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी शक्ति बनने की ओर तेजी से अग्रसर है। पिछले करीब दस सालों के दौरान देश ने तेजी के साथ करवट बदली है। भारत को देखने का पूरी दुनिया का नजरिया अब बदल चुका है। और यह सब केवल और केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बदौलत ही संभव हो पाया है। इसलिए सभी का नैतिक दायित्व बनता है कि हिंदुस्तान तथा हम सभी को मिले इस नायाब हीरे की चमक को और बढ़ाने के लिए अभी से ही पार्टी का एक-एक पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ जुट जाएं।
उन्होंने कहा कि वैसे तो भारतीय जनता पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता हमेशा ही चुनावी मोड़ में तैयार रहता है तथा नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने से दुनिया की कोई ताकत नहीं रोक सकती, उसके बावजूद भी हम सभी को अपनी पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरना है और प्रछार-प्रसार में कोई कसर नहीं छोडऩी है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रदेश की सभी दस सीटों पर पुन: कमल खिलाते हुए रिकार्ड मतों से भाजपा को जीत दिलाने में अपना योगदान देना है। इस मौके पर भिवानी जिले सहित आसपास के क्षेत्र के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।