समस्याओं का समाधान करना अधिकारियों की जिम्मेदारी : बड़ौली

सोनीपत भाजपा कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कार्यकर्ताओं का हाल-चाल जाना और समस्याएं भी सुनीं

चंडीगढ़, 24 अप्रैल। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि हरियाणा की नायब सरकार के लिए जनता के हित सर्वोपरि है। प्रदेश के विकास और जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी लगातार जनहित में निर्णय लेकर लोगों की सेवा कर रहे हैं। हर रोज सैकड़ों लोगों से मिलकर मुख्यमंत्री उनकी समस्याओं का समाधान कर रहे हैं। ये बातें श्री बड़ौली ने गुरुवार को सोनीपत भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत करते हुए कही। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं का हाल-चाल जाना और उनकी समस्याओं को भी सुना। श्री बड़ौली ने कार्यकर्ताओं द्वारा बताई गई समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि समस्याओं का समाधान करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी सार्वजनिक मंचों से अधिकारियों को निर्देश दे चुके हैं कि किसी भी काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता के जो भी कार्य हैं उन्हें अधिकारी तत्परता से पूरा करेंगे। नायब सरकार की तारीफ करते हुए श्री बड़ौली ने कहा कि सरकार ठीक दिशा में काम कर रही है। हरियाणा की भाजपा सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों से जनता खुश है और जनता भाजपा सरकार के कार्यों की खूब सराहना भी कर रही है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि पहलगांव में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले का कड़ा जवाब दिया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी स्पष्ट कर दिया है कि आतंकियों को मिट्टी में मिलाने का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार कड़ी कार्रवाई करेगी। श्री बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सशक्त और मजबूत हुआ है। भारत अब दुनिया की सुनने और उसे फॉलो करने वाला देश नहीं रहा। पीएम मोदी के नेतृत्व में अब भारत अपनी शर्तों पर चलने वाला देश बन चुका है।

पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि मोदी और नायब सरकार की जनहित में अनेकों योजनाएं देश और प्रदेश में चल रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे घर-घर जाकर जाकर मोदी और नायब सरकार की योजनाएं लोगों को बताएं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूलमंत्र पर चलते हुए बिना भेदभाव किए विकास कार्य करा रही है। भाजपा सरकार का उद्देश्य सत्ता के माध्यम से सेवा करना है।

Share via
Copy link