खीर प्रसाद व भंडारे की भी होगी व्यवस्था
रिपोर्ट: रौनक शर्मा | रोहतक, 24 अप्रैल

हरियाणा में भगवान परशुराम जन्मोत्सव की तैयारियां ज़ोरों पर हैं। इसी क्रम में पहरावर की ऐतिहासिक व विवादित ज़मीन पर एक बार फिर से नवीन जयहिंद के नेतृत्व में रविवार, 11 मई को सुबह 11 बजे भगवान परशुराम जन्मोत्सव का आयोजन किया जाएगा। आयोजन में विशेष खीर प्रसाद और भंडारे की व्यवस्था की जाएगी।
इससे पहले भी तीन बार नवीन जयहिंद 36 बिरादरी के भाईचारे व फरसाधारी समुदाय के सहयोग से इसी ज़मीन पर यह आयोजन कर चुके हैं। यह स्थान न केवल धार्मिक भावनाओं से जुड़ा है, बल्कि राजनीतिक और सामाजिक विवादों का केंद्र भी रहा है।
✦ विवादों से उभरा एक जनआंदोलन
नवीन जयहिंद ने बताया कि गौड़ ब्राह्मण शिक्षण संस्था की यह ज़मीन लंबे समय तक सरकारी कब्ज़े में रही, जिसे उन्होंने 36 बिरादरी के सहयोग से पुनः प्राप्त किया। उन्होंने यह भी कहा कि, “इस भूमि को लेकर दो-दो सरकारों के खिलाफ हमें संघर्ष करना पड़ा। यह केवल ज़मीन नहीं, बल्कि अस्मिता और आस्था का प्रतीक है।”
गौरतलब है कि पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के कार्यकाल में जब नगर निगम द्वारा इस भूमि पर कब्ज़े का बोर्ड लगाया गया था, तो नवीन जयहिंद ने वह बोर्ड उखाड़ दिया था, जिसके चलते उनके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज हुआ। आज भी इस भूमि से संबंधित मामला कोर्ट में विचाराधीन है और जयहिंद की नियमित पेशी चल रही है।
✦ 121 फीट ऊंची मूर्ति के निर्माण की घोषणा
जयहिंद ने यह भी ऐलान किया है कि इसी भूमि पर भगवान परशुराम जी की विश्व की सबसे ऊंची 121 फीट ऊंची मूर्ति स्थापित की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस भव्य मंदिर निर्माण की नींव रखी जा चुकी है, जो आने वाले समय में सांस्कृतिक और धार्मिक चेतना का केंद्र बनेगा।
✦ आयोजन में भाईचारे की मिसाल
यह आयोजन केवल धार्मिक नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता का प्रतीक भी है, जहाँ 36 बिरादरी के लोग एकत्र होकर धर्म, संघर्ष और समाज की एकता का संदेश देंगे।
नोट: आयोजन में भाग लेने वालों से समय पर पहुँचे और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई है।