नायब सिंह ने की पंजाब में बीजेपी रैलियाँ, अंजाम भगवंत ने रोका हरियाणा का पानी : गुरिंदरजीत सिंह

कल ही पंजाब बीजेपी अध्यक्ष सुनील जाखड़ भगवंत मान के सुर में सुर मिलाते दिखे : गुरिंदरजीत सिंह

“हरियाणा-पंजाब जल विवाद: प्रचार में व्यस्त नेता, प्यासा जनता” : गुरिंदरजीत सिंह

दोनों मुख्यमंत्रियों को राजनीति छोड़ जन कल्याण कार्य करने चाहिए : गुरिंदरजीत सिंह

गुरुग्राम, 3 मई 2025 – हरियाणा और पंजाब के बीच भाखड़ा डैम से जल आपूर्ति को लेकर गहराए विवाद के बीच, समाजसेवी गुरिंदरजीत सिंह (निवासी अर्जुन नगर, गुरुग्राम) ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि नायब सिंह को यह समझना चाहिए कि वे हरियाणा राज्य के मुख्यमंत्री हैं, न कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रचारक।

गुरिंदरजीत सिंह ने कहा कि यदि नायब सिंह केंद्र सरकार में मंत्री होते, तब उनका देशभर में राजनीतिक प्रचार करना स्वीकार्य होता, जैसा कि पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर अब केंद्रीय मंत्री के रूप में कर रहे हैं। लेकिन एक राज्य के मुख्यमंत्री का सीमापार जाकर पार्टी के लिए प्रचार करना, उस राज्य की जनता के हितों के साथ अन्याय है।

उन्होंने आरोप लगाया कि नायब सिंह सैनी ने पिछले कुछ दिनों में पंजाब के डेराबस्सी समेत कई इलाकों में भाजपा को मजबूत करने के उद्देश्य से रैलियां कीं और कई स्थानीय नेताओं को भाजपा में शामिल कराया। भाजपा की आईटी सेल ने इन रैलियों को लेकर नायब सिंह की लोकप्रियता बढ़ने का दावा भी किया। लेकिन इसका नकारात्मक असर यह हुआ कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने नाराजगी जताते हुए हरियाणा को मिलने वाला भाखड़ा डैम का पानी रोक दिया।

गुरिंदरजीत सिंह के अनुसार, नायब सिंह सैनी ने डेराबस्सी की रैली में पंजाब के किसानों के हितैषी बनने की कोशिश की, लेकिन यह प्रयास उल्टा पड़ गया। आम आदमी पार्टी अपनी राजनीतिक पकड़ कमजोर नहीं होने देना चाहती, इसलिए भगवंत मान ने हरियाणा के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया और जल आपूर्ति रोकने का निर्णय लिया। इसके बाद हरियाणा के किसानों के दबाव में आकर नायब सिंह को मजबूरन अपना स्टैंड बदलना पड़ा, जिससे यह संदेश गया कि वे न तो हरियाणा के किसानों के साथ हैं और न ही पंजाब के।

गुरिंदरजीत सिंह ने यह भी खुलासा किया कि कल पंजाब में एक प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़, मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ मंच साझा करते नजर आए। इस दौरान जाखड़ ने स्पष्ट कहा कि वे जल विवाद में भगवंत मान के साथ खड़े हैं, और हरियाणा की मांग पर तब ही विचार होगा जब पंजाब की आवश्यकताएं पूरी होंगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि यह पूरी स्थिति दर्शाती है कि भाजपा जानबूझकर हरियाणा और पंजाब के बीच जल विवाद को तूल दे रही है ताकि लोगों का ध्यान असली समस्याओं से हटाया जा सके। साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार की चुप्पी को भी सवालों के घेरे में लेते हुए कहा कि यह सबकुछ केंद्रीय नेतृत्व के इशारे पर हो रहा है।

गुरिंदरजीत सिंह ने दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों से आग्रह किया कि वे राजनीतिक लाभ के बजाय जनहित को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा, “नायब सिंह और भगवंत मान को पार्टी प्रचार छोड़कर अपने-अपने राज्यों के किसानों और आम जनता के हित में काम करना चाहिए। जल संकट के चलते सबसे अधिक नुकसान किसानों और ग्रामीण जनता को हो रहा है।”

Share via
Copy link