मॉक ड्रिल के दौरान जिला प्रशासन का सहयोग करें : बड़ौली

मॉक ड्रिल का उद्देश्य युद्ध की स्थिति में मानसिक तौर पर मजबूत होना है : बड़ौली

पंचकूला में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने भाजपा जिला अध्यक्षों व पदाधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंस के जरिए की बातचीत

चंडीगढ़, 6 मई। केंद्रीय गृहमंत्रालय के मॉक ड्रिल के आदेश पर बुधवार को हरियाणा के 11 जिलों में मॉक ड्रिल आयोजित की जानी है। इसे लेकर तैयारियां और अभ्यास किए जा रहे हैं। इसी बीच भाजपा ने भी सभी पदाधिकारियों ओर कार्यकर्ताओं को मॉक ड्रिल में भाग लेने और प्रशासन की पूरी मदद करने निर्देश दिए हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने मंगलवार को पंचकूला स्थित भाजपा कार्यालय पंचकमल से वीडियो कांफ्रेस के जरिए अंबाला, गुरुग्राम, फरीदाबाद, हिसार, रोहतक, पंचकूला, पानीपत, सोनीपत, सिरसा, झज्जर व यमुनानगर के जिला अध्यक्षों और पदाधिकारियों से बातचीत की और आम आदमी की तरह ड्रिल में शामिल होने के निर्देश दिए। वहीं आज प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी कार्यालय में आए कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और संगठनात्मक विषयों पर जरूरी दिशा निर्देश दिए। श्री बड़ौली ने आज पूरा दिन कार्यकर्ताओं के साथ बिताया और पार्टी की नीति और सिद्धांतों पर चर्चा की।

वीडियो कांफ्रेंस के जरिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि 7 मई को अंबाला, गुरुग्राम, फरीदाबाद, हिसार, रोहतक, पंचकूला, पानीपत, सोनीपत, सिरसा, झज्जर व यमुनानगर में मॉक ड्रिल होनी है। हवाई हमलों से बचने की मॉक ड्रिल कराई जाएगी ताकि युद्ध की स्थिति बनती है तो लोग पहले ही मानसिक तौर पर मजबूत हो सके और अपने आपको सुरक्षित रखने में सक्षम कर सके। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सभी पदाधिकारियों से कहा कि लोगों और खासकर बच्चों को जरूर जागरूक करें। उन्होंने कहा कि हवाई हमलों की स्थिति में अलर्ट और सतर्कता जरूरी है। श्री बड़ौली ने सभी कार्यकर्ताओं नेताओं से मॉक ड्रिल के दौरान स्वेच्छा से काम करने और अपनी भागीदारी के माध्यम से बदलाव लाने की अपील की।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि मॉक ड्रिल से हमें यह समझ आएगा कि अगर युद्ध की स्थिति बनती है तो नागरिक सुरक्षा व्यवस्था कितनी तैयार है और कितनी असरदार है। उन्होंने कहा कि मॉक ड्रिल का उद्देश्य हवाई हमले की चेतावनी देने वाले सायरन का संचालन, लोगों को ‘‘शत्रु के हमले’’ की स्थिति में खुद को बचाने के लिए सुरक्षा पहलुओं पर प्रशिक्षण देना है। मॉक ड्रिल के अन्य कदमों में दुर्घटना की स्थिति में ‘ब्लैकआउट’ के उपाय, महत्वपूर्ण संयंत्रों और प्रतिष्ठानों की रक्षा तथा निकासी योजनाओं पूर्वाभ्यास शामिल है।

Share via
Copy link