गुरुग्राम, 14 मई (अशोक): ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस (एटक) द्वारा सैक्टर 10ए स्थित एक मैदान में श्रमिक जनसभा का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न यूनियनों की महिला प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में श्रमिकों ने भाग लिया।
इस जनसभा की मुख्य अतिथि एटक की राष्ट्रीय महासचिव कॉमरेड अमरजीत कौर रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में महिलाओं और श्रमिकों से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर बात की। उन्होंने कहा कि विंग कमांडर व्योमिका सिंह और कर्नल सोफिया कुरैशी जैसे सैन्य अधिकारी देश की महिलाओं के लिए प्रेरणा हैं। भारतीय सेनाओं द्वारा हाल में किए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में महिलाओं की भागीदारी यह सिद्ध करती है कि महिलाएं अब हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही हैं।
कॉमरेड अमरजीत कौर ने कहा कि देश के विकास में श्रमिकों की अहम भूमिका है, लेकिन उनकी समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। श्रमिकों को गैरकानूनी ढंग से काम से निकाला जा रहा है और उनकी जायज़ मांगों को दबाया जा रहा है। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से महिलाओं पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने का आह्वान किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए एटक हरियाणा राज्य महासचिव कॉमरेड अनिल पंवार ने बताया कि 20 मई को देशभर में मजदूरों, कर्मचारियों और किसानों को साथ लेकर एक व्यापक हड़ताल का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने सभी श्रमिक संगठनों से इस हड़ताल को सफल बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में राज्य सचिव अनिता यादव ने कहा कि इस जनसभा में महिलाओं की सशक्त भागीदारी से यह संदेश स्पष्ट हुआ है कि वे अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने को तैयार हैं।
आंगनवाड़ी यूनियन से कमला दयोरा और राखी ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार महिला कार्यकर्ताओं के साथ अन्याय कर रही है। बढ़ती महंगाई के बावजूद आंगनवाड़ी, आशा वर्कर और हेल्परों के वेतन में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। उन्होंने मांग की कि हरियाणा सरकार न्यूनतम वेतन को बढ़ाकर 26 हजार रुपये करे।
इस जनसभा में विभिन्न संगठनों की महिला प्रतिनिधियों और श्रमिकों की भारी भागीदारी रही।